मुजफ्फरपुर। प्री-नान इंटरलाकिंग के बाद गुरुवार से मुजफ्फरपुर जंक्शन पर तीन दिवसीय नान इंटरलाकिंग कार्य शुरू हो गया। इसके बाद जंक्शन क्षेत्र में सिग्नलिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। सीतामढ़ी, मोतिहारी और रामदयालु रूट पर बनी डबल शंटिंग लाइनें आपस में सिग्नल से जुड़ जाएंगी।
इसी बीच एक नंबर प्लेटफार्म के सामने एक व दो नंबर लाइन से प्वाइंट्स हटाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके हटने से दोनों लाइनों की लंबाई बढ़ जाएगी।
पहले इंजन जीआरपी पोस्ट के पास ही रुकता था, अब पूरे प्लेटफार्म पर रुकेगा। एक व दो नंबर लाइन पर रुकने वाली ट्रेनों का पिछला हिस्सा छह नंबर प्लेटफार्म पर चला जाता था। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कुछ रेल अधिकारियों ने 50 साल आगे की प्लानिंग किए बिना ही जीआरपी पोस्ट के पास तीन साल पहले दो डायवर्जन प्वाइंट्स बना दिए थे। इससे ट्रेनें कर्व होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही थीं। वहां दो बार ट्रेन का इंजन गिर चुका है।
इससे रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। मुजफ्फरपुर विकास मंच के अध्यक्ष देवांशु किशोर ने कहा कि कुछ रेल अधिकारी जनता के पैसों का दुरुपयोग कर रहे हैं। वैसे लोगों पर कार्रवाई के लिए शीघ्र आंदोलन किया जाएगा।
एनआइ को लेकर गुरुवार को सीतामढ़ी व मोतिहारी रूट पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। उक्त रूट पर दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों की तरफ जाने वाली ट्रेनें डायवर्ट होकर हाजीपुर के रास्ते दिल्ली व अन्य स्टेशनों के लिए रवाना हुईं।


