गोपालगंज : इंजीनियरिंग के छात्र सेराज आलम की चर्चित हत्याकांड का गोपालगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है. हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग बताई जा रही है. पुलिस ने मृतक छात्र की प्रेमिका और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि सेराज अंसारी भोपाल के सिविल इंजीनियरिंग के फाइनल इयर का छात्र था. यह गोपालगंज के उचकागांव के रहनेवाले रवि आलम अंसारी का पुत्र था. गोपागलंज के हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार के मुताबिक, सेराज अंसारी गांव में ही एक लड़की से प्रेम करता था और दिन-रात लड़की से बातें किया करता था. लेकिन, लड़की की शादी माता-पिता कर चुके थे. प्रेमिका अपने प्रेमी को भूल चुकी थी और उससे बातचीत भी बंद कर चुकी थी. लड़की से बात करने के लिए सेराज अंसारी दबाव बनाने लगा.
इसके बाद 30 अक्टूबर की रात सेराज अंसारी घर से अपने बथान पर सोने के लिए निकला, लेकिन वह बथान न जाकर प्रेमिका के घर पहुंच गया. इधर, लड़की के परिवारवालों ने सेराज अंसारी को देखते ही पकड़ लिया और उसे कई टुकड़ों में काटकर लाश को बोरे में बंद कर घर से 500 मीटर दूर चंवर में छिपा दिया.इधर, सेराज अंसारी के पिता रवि आलम अंसारी ने उचकागांव थाने में 31 अक्टूबर को बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर टेक्निकल सेल की मदद से छानबीन शुरू कर दी. जांच के दौरान सेराज अंसारी के मोबाइल फोन का लोकेशन गांव में ही पाया गया और उसकी बातचीत के कॉल डिटेल्स को खंगाला गया तो प्रेमिका से बातचीत का खुलासा हुआ..
पुलिस पूरा माजरा समझ चुकी थी. इसके बाद 12 नवंबर, 2022 को सेराज अंसारी का शव गांव के ही चंवर में कई टुकड़ों में कटा हुआ बंद बोरे में मिला, जिसे फॉरेंसिंक जांच और पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया. इधर, पुलिस ने मंगलवार को प्रेमिका और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मां-बेटी ने सेराज अंसारी के हत्या को कबूल किया जिसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया.
वहीं, मृतक छात्र के पिता का कहना है कि वह 5 नवंबर को ही भोपाल जानेवाला था, लेकिन उसकी हत्या कर दी गयी. अब पुलिस पर भरोसा जताते हुए इंसाफ दिलाने की बात कही है. बहरहाल, पुलिस ने इंजीनियरिंग छात्र की हत्या में दो सप्ताह में खुलासा कर दिया. हत्या में और कितने लोग शामिल हैं, यह आनेवाला वक्त बतायेगा. वहीं इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा होने से पुलिस ने राहत की सांस ली है.



