सुपौल. सुपौल में एक बार फिर एसिड अटैक की घटना सामने आई है. इस बार जमीन विवाद में सुमित सिंह नामक युवक को एसिड फेंक कर घायल कर दिया गया है. मामला पिपरा थाना क्षेत्र के रतौली का है. हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजकुमार साह के भाई राम कुमार साह से सुमित कुमार सिंह ने जमीन खरीदी थी. सुमित कुमार सिंह का कहना है कि वो उस जमीन पर मिट्टी भराई का काम कर रहे थे. इसी दौरान राजकुमार साह ने आकर रोक दिया. इसके बाद दोनों में इस बात को लेकर थोड़ी बहुत कहा सुनी हुई. इसी गुस्से में आकर राजकुमार साह ने उनके शरीर पर एसिड फेंक दिया.
वहीं, घायल युवक को परिजन सदर अस्पताल लेकर आए, जहां उनका इलाज जारी है घायल सुमित कुमार सिंह पीठ के हिस्से पर एसिड फेंकने से बुरी तरह झुलस गया है. इस बीच पीपरा पुलिस ने आरोपी राजकुमार साह को गिरफ्तार कर लिया है.बता दें कि महज एक महीने पूर्व ही सुपौल में एसिड अटैक की घटना सामने आई थी. इसमें किशनपुर थाना क्षेत्र में शराब का उधार बाकी रहने पर शराब तस्कर ने एक युवक के शरीर पर एसिड फेंक दिया था ,जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया था. वहीं, इस मामले में पुलिस का बयान अभी तक सामने नहीं आया है. बहरहाल, इस घटना ने ये जरूर दर्शा दिया है कि सुपौल में एसिड अटैक घटना में बढ़ोतरी हुई है.




