सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी की बीईओ पूनम कुमारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके साथ ही पैसे नहीं मिलने पर उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। जांच करने की बात कही जा रही है। हफ्ते भर की छुट्टी से लौटी बीईओ जब अपने घर पहुंचीं तो उनके कमरे का ताला टूटा हुआ था। धमकी भरा पत्र उनके बिस्तर पर फेंका था। बीईओ के बेड रूम से उनके निजी डाक्यूमेंट्स व उनके कार्यालय की जरूरी संचितकाएं बैग से निकालकर ले जाया गया था। उसके एवज में इतने पैसे की मांग की गई थी।
फ्लैट का ताला गायब था
बीईओ का कहना है कि 14 को छुट्टी से लौटीं तो कार्यालय होते हुए आवास पहुंचीं। फ्लैट का ताला गायब था। आवास का अलमीरा खुला हुआ था। बाजपट्टी प्रखंड कार्यालय परिसर में सरकारी आवासीय भवन में फ्लैट टाइप ”डी” के उपरी मंजिल के पूरब वाले फ्लैट में वह रहती हैं। बीईओ ने इस सिलसिले में बाजपट्टी बीडीओ, थानाध्यक्ष के साथ एसपी हर किशोर राय से शिकायत की है। एसपी के आदेश पर बाजपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बीईओ समस्तपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र के श्रीनाथ पारण गांव की रहने वाली हैं। उनके पति का नाम रामराज मणि है। बीईओ अपनी ड्यूटी के लिए बाजपट्टी में उस सरकारी आवास में अकेले रहती हैं। इस धमकी के बाद वह काफी डरी-सहमी हुई हैं और जान माल की चिंता सता रही है।
सीतामढ़ी रोड पर ड्राइवर से पैसे भेजने को कहा
बीईओ के अनुसार वह धमकी भरा पत्र भेजने वाला शख्स खुद को गुमनाम भाई जी बताता है। उस पत्र में लिखा है-तुम्हारी फाइल मेरे पास है। हमको पांच लाख दो और अपनी फाइल ले लो। अगर ज्यादा होशियारी करने की कोशिश की तो तुम्हारे पति को गोली मार देंगे। नोट में ये बात लिखी है कि अगर ये बात किसी को बताई तो इसके बाद क्या होगा, तुम समझना। पैसा अपनी गाड़ी में डाल कर 18 नवंबर की शाम चार बजे सीतामढ़ी रोड पर भेज देना।
वहां से मेरा आदमी गाड़ी रिसीव कर लेगा और पैसा लेकर फाइल दे देगा। अगर किसी को भी गाड़ी के पीछे भेजा तो गाड़ी को उड़ा देंगे। इस बात के लिए ताकीद भी की गई है कि गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर होना चाहिए। पैसा एक बैग में डाल के ताला मारकर भेजना और ड्राइवर को भी इस बात का पता नहीं चलना चाहिए कि बैग में क्या है? अगर होशियारी की तो समझना क्या होगा? तुम्हारे अगल-बगल में क्या हो रहा है तुमको सब पता है। इसलिए होशियारी नहीं। चार बजे सीतामढ़ी रोड पर… !



