कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगी जन अधिकार पार्टी

पटना : जन अधिकार पार्टी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगी। पटना में गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी और इसके एक-एक कार्यकर्ता बिहार में भारत जोड़ो यात्रा के साथ खड़े हैं।

राहुल गांधी जब बिहार में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर निकलेंगे तो मैं और मेरे साथ मेरी पूरी पार्टी के लोग इस यात्रा में शामिल होंगे। भारत जोड़ो यात्रा आज देश की आवाज बन गई है।

यादव ने कहा इस देश में लगातार समाजसेवी संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है। ऐसे में इन संस्थाओं को जिंदा रखने का एक प्रयास है भारत जोड़ो यात्रा। आर्थिक आधार पर आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का समर्थन करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि जाति आधारित गणना के मसले पर भी सबको साथ आना चाहिए।

उन्होंने गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कई नेता-अभिनेता और मंत्रियों की शादी दूसरे धर्मों में हुई। क्या वह लव जिहाद नहीं था। जाति धर्म मजहब के नाम पर उन्माद फैलाने वाले नेताओं को टिकट नहीं मिलनी चाहिए। लव जिहाद नाम की कोई चीज नहीं है। यह राजनीति को हथियार बनाने वाले लोगों के दिमाग की उपज है।

उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार आत्म हत्याएं हो रही हैं या यूं कहें कि लोगों को आत्म हत्या करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। नवादा कांड के बाद पीएम या किसी केंद्रीय मंत्री का संवेदना संदेश नहीं आया।

उन्होंने छात्र संघ चुनाव के बाद पटना विश्वविद्यालय में सभी सुविधाएं बहाल करने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि चुनाव के बाद जनअधिकार पार्टी छात्राओं के लिए मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराएगी। हमारी ताकत छात्र व युवा हैं और हम छात्रों के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.