मुजफ्फरपुर: अपनी दोनों किडनी गवां चुकी सुनीता की हालत लगातार बिगड़ रही है। लगातार दो बार डायलिसिस करना पड़ा। एसकेएमसीएच मेडिसिन विभाग के विभागध्यक्ष डा.अकील अहमद मुमताज ने कहा कि सुनीता की हालत बिगड़नी शुरू हो गई है। डायलिसिस भी दो बार की गई है। वह डायलिसिस पर अधिक दिन तक नहीं रह सकती है। उसे अपनी जिंदगी जीनी है तो एक किडनी का प्रत्यारोपण करना ही होगा। उन्होंने कहा कि तबीयत बिगड़ने के बाद उसके शरीर में सूजन होने लगी है। इधर, सुनीता की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर 24 घंटे से उसके तीनों बच्चे, पति, पिता और मां आइसीयू के गेट पर बैठे हुए हैं। बच्चों ने इलाज कर रहे डाक्टरों से पूछा कि मां की तबीयत क्यों बिगड़ गई है। ठीक तो हो जाएगी न…। बच्चों की बातें सुन सुनीता भावुक हो गई। दोनों बच्चों को सीने से लगा रोने लगी। बच्चों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि ठीक हैं। आठ साल और पांच साल के दोनों बेटों से कहा कि मन लगा कर पढ़े।
सुनीता को किडनी देने के लिए आगे आए वार्ड सदस्य
श्री कृष्ण मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल (एसकेएमसीएच) में जिंदगी और मौत से जूझ रही झोलाछाप के चक्कर में दोनों किडनी गंवा चुकी पीड़िता सुनीता को एक किडनी देने के लिए सकरा प्रखंड की रामपुर कृष्ण पंचायत अंतर्गत वार्ड नौ के सदस्य मुन्ना झा युवक सामने आए हैं। उन्होंने स्वेच्छा से अपनी किडनी देने के लिए इंटरनेट मीडिया पर संदेश डाला है।
उन्होंने कहा है कि वह सुनीता को किडनी देना चाहते हैं ताकि सुनीता की जिंदगी बच सके। बताते चलें कि मुन्ना झा दूसरी बार वार्ड सदस्य के पद पर निर्वाचित हैं और एक किसान हैं। उनकी शादी वर्ष 2011 में हुई थी। उनके चार पुत्र हैं। वह खुद भाई में अकेले हैं। उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण कुमार के कार्यों से प्रभावित होकर वह समाज सेवा के भाव से अपनी एक किडनी स्वेच्छा से सुनीता के लिए दान करना चाहते हैं।







हालांकि अबतक इस मामले में प्रशासनिक महकमा के द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की गई है । उधर सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण कुमार ने बताया कि वार्ड सदस्य मुन्ना झा उनके संपर्क में लगातार रह रहे हैं। वह अपनी किडनी दान देना चाहते हैं और सरकार तथा उसका तंत्र इसकी व्यवस्था अविलंब करे। बताते चलें कि एसकेएमसीएच में इलाजरत सुनीता की हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। उनके स्वजन की माली हालत अच्छी नहीं है।