पटना : बिहार के विभिन्न जिलों से क्राइम की घटनाएं सामने आई हैं। सीतामढ़ी से सटे नेपाल के गौर शहर में एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आग लगने से तीन बच्चों की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, आग से झुलस कर गंभीर रूप से जख्मी परिवार के अन्य सदस्यों को जिला अस्पताल, गौर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस अगलगी में करीब 40 लाख की संपत्ति के नुकसान होने की बात कही जा रही है। गौर शहर के पुलिस प्रवक्ता सह डीएसपी सुनील मल्ल ने गुरूवार को बताया कि गौर शहर के वार्ड संख्या एक स्थित इस्लाम कपड़ा प्रतिष्ठान में आग लगी थी। इस दौरान दुकान के घर मे सोए इस्लाम मियां की दो पुत्री एवं एक पुत्र क्रमशः रूखसाना खातून (9 वर्ष),सबीना खातून (5 वर्ष) एवं इमरान मंसूरी (7 वर्ष) की जलकर मौत हो गयी। घटना में इस्लाम का भतीजा इस्माइल मंसूरी, इमरान एवं नसीमा खातून झुलस गई। तीनों का इलाज गौर सदर अस्पताल में चल रहा है।
तीन बच्चों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग कपड़ा प्रतिष्ठान के बाद बगल के मो. जाकिर की बाईक गैरेज को भी अपनी लपेट में ले लिया। फलतः गैरेज में गैलन में रखे पेट्रोल ने आग में घी का काम किया। देखते ही देखते मरम्मत के लिए रखी 15 बाइक जल कर खाक हो गई। घटना की सूचना पर नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस एवं सेना के जवान करीब तीन घंटे कड़ी मशक्कत कर अग्निशमन दस्ता की मदद से आग पर काबू पाये। डीएसपी मल्ल ने बताया कि अगलगी की घटना कैसे हुई है, इसका पता लगाया जा रहा है।








