मुजफ्फरपुर : शहर के एक निजी होटल में जीविका द्वारा आयोजित एल्युमिनाई मीट को संबोधित करते हुए एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने कहा कि जीविका द्वारा प्रशिक्षण लेकर युवा एक नयी राह की ओर बढ़ रहे है।
छह महीने से एक साल के अंदर प्रशिक्षण लेकर 30 से 35 हजार रुपये की नौकरी कर रहे हैं। यह समाज के लिए एक अच्छा संदेश है। जहां एक ओर युवा सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, वहीं प्राइवेट संस्थानों में नौकरी और स्वरोजगार का प्रशिक्षण लेकर कार्य कर रहे युवा समाज को एक नयी पहचान दे रहे है।
जीविका द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद नौकरी कर रहे युवाओं के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इसमें जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुषमा कुमारी, जीविका की डीपीएम अनिशा के साथ ही एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रोजगार प्रबंधक अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले में चार प्रशिक्षण केंद्र चल रहे है। इसके माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देने के बाद नौकरी दिलाने का काम किया जाता है।
इस मौके पर जीविका की ओर से संचार प्रबंधक राजीव रंजन, मनीष कुमार, आनंद शंकर, अमरीन आजाद, अभिषेक कुमार, कुणाल कुमार, विवेक कुमार, राकेश कुमार, शिव शंकर, विनोद कुमार, ऋतिक कुमार, सत्यम कुमार ज्योति, रूपेश कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद थे।




