मासूमों को पापा के आने का इंतजार, बिलखती मां को बेबस निगाहों से देखने को मजबूर

छपरा. सारण जिले में जहरीली शराब से 75 लोगों की मौत हो गई है. इस शराबकांड ने एक परिवार पर ऐसा कहर ढाया कि 4 मासूम अनाथ हो गए. रिया, मुस्कान, प्रियांशु और कीर्ति कुमारी सहित इस गांव के कई मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. इन मासूमों को इसका पता भी नहीं है. इन मासूमों को यह भी नहीं पता कि उनका भविष्य कैसा होगा? ये बच्‍चे पापा के इंतजार में बिलख रही मां की गोद में बैठकर बेबस निगाहों से देख रहे हैं. बच्चों को मां की गोद में देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं. जहरीली शराब पीने के चलते मशरख प्रखंड के बहरौली गांव में 14 लोग असमय काल के गाल में समा गए. इन सभी का परिवार पूरी तरह से बिखर गया है. इन्‍हीं में से बहरौली गांव के रहने वाले 26 वर्षीय बृजेश राय का परिवार भी शामिल है.

छपरा जहरीली शराबकांड में कई मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया. (न्‍यूज 18 हिन्‍दी)

बृजेश की शादी मात्र 2 वर्ष पूर्व नेहा देवी के साथ हुई थी. उन्हें 6 माह की बच्ची रिया है. बृजेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे. जहरीली शराब में बृजेश राय को परिवार से छीन लिया और उनकी मौत हो गई. बृजेश राय को एकमात्र बच्ची रिया है. उसे यह भी पता नहीं है कि उसके सिर से उसके पिता का साया उठ गया है. यहां बात सिर्फ बृजेश राय तक सीमित नहीं है. उसी गांव के 22 वर्षीय शैलेंद्र राय भी अपने पीछे 8 माह की बेटी मुस्कान को छोड़ गए हैं. रिंकू देवी से उनके शादी महज 3 साल पहले ही हुई थी. उसी गांव के रहने वाले चाचा चंदेश्वर साह एवं उनके भतीजा रुपेश शाह की भी मौत हुई है. रुपेश भी अपने पीछे 1 वर्ष के पुत्र प्रियांशु को छोड़ गए हैं. उनके भाई राकेश शाह बताते हैं कि शराब पीने से उनके भाई की मौत हुई है. वह दूसरे प्रदेश में नौकरी करते थे. पानापुर में साली की शादी को लेकर वह घर आए थे और 16 दिसंबर को उन्हें वापस लौटना था. इसी बीच उनकी मौत हो गई.

बहरौली गांव के मथुरा साह के 2 पुत्र कमलेश शाह एवं सूरज साह की मौत भी जहरीली शराब पीने से हुई है. सूरज शाह को एक माह की पुत्री कीर्ति कुमारी है. उनकी शादी पिछले वर्ष फरवरी में गुड़िया देवी के साथ हुई थी. इन दोनों भाइयों की मौत ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है. पिता की मौत पहले ही हो चुकी है. अब सूरज शाह की पत्नी गुड़िया देवी को अपना भविष्‍य अंधकार में दिख रहा है. बहरौली गांव में शराब में कुल 14 परिवारों को तबाह किया है. इन 14 परिवार के साथ वे लोग भी हैं, जिन्हें यह भी नहीं पता कि उनका भविष्य कैसा होगा. सभी के बच्चे अभी काफी छोटे हैं. वे अभी भी मां की गोद में ही हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading