गोपालगंज. गोपालगंज शहर में एक बार फिर धार्मिक स्थल पर गंदगी फेंककर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही शहर के लोगों की भीड़ जुट गयी और आक्रोशित लोग कार्रवाई की मांग करने लगे. हालांकि, ये दुस्साहस किसने किया, इसका खुलासा नहीं हो सका है.

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाने के इंस्पेक्टर ललन कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस बल पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों की तलाश शुरू कर दी है. वहीं, इस घटना के बाद शहर के लोगों ने पुलिस की रात की गश्ती-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए धार्मिक स्थलों की सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने बुलाई प्रबुद्ध लोगों की बैठक
पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. आश्वासन मिलने के बाद नाराज लोग शांत हो गए, इसके बाद धार्मिक स्थल की साफ-सफाई कराई गई. गोपालगंज. धार्मिक स्थल पर हुई घटना के बाद सदर एसडीएम डॉ प्रदीप कुमार, एसडीपीओ संजीव कुमार ने प्रबुद्ध लोगों की बैठक बुलाई. आशीर्वाद वाटिका में हुई बैठक में पुलिस और प्रशासन ने प्रबुद्ध लोगों की बातें सुनी और धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिशकरनेवाले असामाजिक तत्चों को कैसे पकड़ा जा सके, इसपर राय ली गयी. साथ ही सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात अधिकारियों ने दी.

वहीं, शहर के व्यवसायियों ने कहा कि बार-बार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, आखिर इसके पीछे कौन साजिश रच रहा है. व्यवसायियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी लगाने की बात कही, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान हो सके और उनपर पुलिस कार्रवाई कर केस. बैठक में संजीव कुमार पिंकी, रामाधार प्रसाद, पीयुष कुमार, पलटू कुमार, गोरखनाथ शर्मा, संतोष सिंह, विपूल अग्रवाल, संजीत कुमार, अमित रूंगटा, परवेज हसन, जहांगीर राइन, भोला प्रसाद, जितेंद्र प्रसाद आदि शामिल थे.
रात में घूमनेवाले लोगों से होगी पूछताछ
व्यवसायियों की मांग पर पुलिस ने कहा कि रात में सड़कों पर घूमनेवाले संदिग्ध युवकों से पुलिस पूछताछ करेगी. बाजार बंद होने के बाद से पुलिस सड़कों पर पूरी रात पेट्रोलिंग करेगी और बेवजह सड़कों पर घूमनेवालों से पूछताछ कर कार्रवाई करेगी. पुलिस ने शहर के लोगों से भी अपील की है कि ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखें, जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश में शामिल हैं.





