भागलपुर. बिहार समेत देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अगले तीन दिन तक ठंड और कनकनी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. भागलपुर में धूप निकलने के बावजूद भी पछुआ हवा से लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है. पिछले दो दिन से पछुआ हवा रुक-रुक कर बह रही है जिससे जिले में कनकनी का प्रभाव बढ़ गया है. इसको लेकर सबौर के मौसम वैज्ञानिक स्वीटी कुमारी ने बताया कि अगले कई दिन तक मौसम का ऐसा ही हाल बना रहेगा. ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव जला कर लोग खुद को गर्म करने का प्रयास कर रहे हैं.
ठंड के कारण शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-सवेरे टहलने वालों की संख्या में कमी देखी जा रही है. वहीं, मुख्य मार्गों पर कुहासा देखा गया. ट्रक चालकों ने बताया कि घने कोहरे से विजिबिलिटी कम हो गई है, हमें दिन में भी लाइट जलाकर सड़क पर चलना पड़ रहा है. तापमान में गिरावट और ठंड से बाजार में खरीदारी पर भी असर पड़ा है. बाजारों में खरीदारी करने कम लोग पहुंच रहे हैं. ठंड बढ़ने के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है. फुटपाथ पर गुजर बसर करने वाले लोग प्लास्टिक की सीट वापस ले कर कंबल से ठंड का मुकाबला कर रहे हैं.
तीन दिन तक ऐसा ही रहेगा तापमान
भागलपुर के सबौर में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5. 4 दर्ज किया गया. वहीं, सापेक्षिक अदरता 092 दर्ज की गई. तीन दिन तक ऐसी ही सर्द हवाओं चलती रहेंगी. नये साल में मौसम बदलने के आसार हैं. बता दें कि, भागलपुर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पूर्णरूपेण अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है. कुछ ही जगहों पर अलाव जलते देखा गया है. हालांकि, गरीबों और बेहसारा लोगों के लिए सदर अस्पताल में रैन बसेरे की शुरुआत की गई है.






