गोपालगंज. लद्दाख के लेह में हुए एक सड़क हादसे में गोपालगंज के रहनेवाले एनएसजी कमांडो की मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक एनएसजी कमांडो का नाम दीपक कुमार सिंह है, जो बरौली थाना क्षेत्र के भड़कुइयां गांव निवासी प्रहलाद सिंह के पुत्र थे. सैन्य अफसरों की ओर से गुरुवार को पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने की जानकारी परिजनों को दी गयी है. सैन्य सम्मान के साथ दीपक कुमार सिंह का अंत्येष्टि की जायेगी.

परिजनों के मुताबिक बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे दीपक कुमार सिंह स्वयं गाड़ी चला रहे थे. साथ में कुछ अन्य कमांडो थे जो ट्रेनिंग कैम्प में जा रहे थे. भीषण बर्फबारी की वजह से अचानक से उनकी गाड़ी का चक्का फंस गया और वाहन गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसा होने के बाद मौके पर ही दीपक कुमार सिंह की मौत हो गयी, जबकि अन्य चार जवानों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घटना की सूचना लेफ्टिनेंट परवीन डोगरा ने दीपक के पिता प्रहलाद सिंह का दी. बेटे की मौत की खबर जैसे ही प्रहलाद सिंह के कानों में पिघले शीशे की तरह पहुंची, कुछ देर तक वे अवाक से रह गये. उनको विश्वास ही नहीं हुआ कि उनका मंझला बेटा जो देश की सेवा करने के जज्बे के साथ करीब एक माह पहले लेह में अपनी ड्यूटी पर गया था, अब नहीं रहा और देश की सेवा करते-करते शहीद हो गया. बेटे की मौत की खबर जैसे-तैसे दिल पर पत्थर रख कर प्रहलाद सिंह ने परिजनों को बतायी, तो घर में चीत्कार होने लगी.
2011 से देश सेवा में जुड़े थे दीपक
दीपक कुमार सिंह देश की सेवा में 2011 में जुटे थे और तब से सांस चलने तक देश सेवा में लगे रहे. पिछले नवंबर तक उसकी ड्यूटी अमरनाथ में थी, अमरनाथ से हटने के बाद वह घर आये थे. अब उनकी तैनाती लेह में थी. दीपक की शादी 2014 में पूर्वी चंपारण जिले के चकिया प्रखंड के माधोपुर छपरा गांव में हुई थी. शादी के बाद आराध्या नाम की उन्हें एक ही बेटी हुई. पत्नी माधुरी देवी अभी अपने मायके में हैं और पति की मौत की खबर पर भड़कुइयां पहुंचने वाली हैं.




