पटना. क्या महज मां की डांट पड़ने से कोई युवक खुदकुशी कर सकता है, आपका जवाब भरसक ना होगा लेकिन पटना में कहानी ठीक इसके उलट हुई जहां मां की डांट से नाराज 17 साल के युवक ने खुदकुशी कर ली वो भी खुद से सिर में गोली मारकर. गोली की आवाज सुनते ही परिजन भी दहल गए फिर देखा कि खून से लथपथ बेटा जमीन पर पड़ा है. इसके बाद उसे जख्मी हालत में अस्पताल लेकर गए लेकिन उसकी जान न बच सकी.

युवक द्वारा आत्महत्या करने की ये घटना पटना के नौबतपुर थाना इलाके की है. मृतक की पहचान अखिलेश यादव के पुत्र जयविंद कुमार, 17 वर्ष के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर अस्पताल में पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है. ये वारदात नौबतपुर थाने के धोबिया कालापुर गांव की है.

बताया जाता है कि मृतक जयविंद का किसी बात को लेकर अपनी मां से झगड़ा हो गया था. इसी विवाद को लेकर शनिवार की सुबह घर में ही अवैध हथियार से उसने खुद के सिर में गोली मारकर सुसाइड कर लिया. परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बिहटा के एक निजी किलनिक में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, मृतक को स्मैक की लत लगी हुई थी और वो घर में बराबर पैसे को लेकर झगड़ते रहता था.

नौबतपुर थानेदार रफीकुर रहमान ने कहा कि किस कारण से युवक ने खुदकुशी की फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. मां ने इस आत्महत्या के मामले में नया तुल दे दिया है और कहा है कि हमारे बेटे ने खुदकुशी नहीं बल्कि उसकी हत्या हुई है. इसमें गांव के लालबिहार और गंगा सागर शामिल हैं.



