‘दिलवाले दूसरी दुल्हनिया ले जाएंगे’…औरंगाबाद के सूर्य मंदिर में गूंज रहे मंगल गीत के बीच हुई विलेन की एंट्री….

औरंगाबाद : बिहार के विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर से अजब शादी की गजब कहानी सामने आई। इस शादी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। पुलिस की एंट्री हुई। पूरी कहानी का विलेन दूल्हा रहा। हंगामा ऐसा की अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हुआ यूं कि एक दिलवाला अपनी दूसरी दुल्हनिया को लेने के लिए सूर्य मंदिर पहुंचा था। शादी की बेदी सज गई थी। मंडप में दुल्हन और दूल्हा बैठ चुके थे। पंडित की ओर से मंत्रोचार शुरू हो गया था। अचानक ऐसा क्या हुआ कि हंगामा मच गया। हम पूरी कहानी आपको बताएंगे, उससे पहले हम आपको बताते हैं कि दरअसल मंदिर परिसर में हुआ क्या? घटना मंगलवार के दोपहर बाद की है। जिसका वीडियो भी सामने आ गया है। मंदिर परिसर में अपने परिवार की रजामंदी से एक दूल्हा दूसरी शादी रचा रहा था। उसके कुछ देर बाद इसकी भनक पहली पत्नी को लग गई। पहली पत्नी अपने साथ परिजनों को लेकर मंदिर पहुंच गई। उसके बाद जो हुआ, वो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

दूसरी शादी रचाने आया दूल्हा

मंदिर परिसर में शादी के दौरान पहुंची पहली पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया। उसके बाद वहां पुलिस भी पहुंच गई। इसी बीच दुल्हनिया को ले जाने के लिए तैयार बैठा दूल्हा वहां से मौका देखकर फरार हो गया। दूल्हे की पहचान देव प्रखंड के भलुआड़ी गांव निवासी रामा चौधरी के बेटे पिंटू कुमार के रूप में हुई है। पिंटू की पहली पत्नी मुन्नी कुमारी ने बताया कि दो वर्ष पहले पिंटू ने झारखंड के जपला के एराजी कुसमरा गांव में उससे शादी की थी। युवक मंगलवार को दोपहर दाउदनगर के मनार निवासी छोटन चौधरी की पुत्री पूजा कुमारी से ब्याह रचाने देव सूर्य मंदिर में पहुंचा था। दोनों परिवारों की ओर से तैयारी हो चुकी थी। मंडप सजा लिया गया था। अंदर की बात मानें, तो दूसरी दुल्हन के परिजन काफी पैसे दे रहे थे। पूरा परिवार पैसे की लालच में आ गया था। इस बात की भनक पहली दुल्हन को लग गई।

दूल्हा हो गया फरार

पहली दुल्हन इस बात की खबर लगते ही पहले देव थाने पहुंची। पुलिस को उसने पूरे मामले की जानकारी दी। पहली पत्नी ने बताया कि दूल्हा उसके साथ फ्रॉड कर रहा है। पुलिस तत्काल एक्शन में आई। पुलिस पहली दुल्हन की सूचना पर सूर्य मंदिर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस के आने की सूचना लगते ही सबसे पहले पिंटू कुमार फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक वो दूल्हे के ड्रेस में था, लेकिन पुलिस को देखते ही उसका हवा गुम हो गया। वो वहां से फरार हो गया। इधर, दूसरी शादी जिस दुल्हन से हो रही थी। उसके परिजन अब अगुवा को तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें गलत जानकारी दी गई है। जिसकी वजह से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मंदिर में हंगामा

कुल मिलाकर इस शादी में दूल्हे को दूसरी दुल्हन ले जाने को नहीं मिली। ऊपर से मंदिर परिसर में घंटों तक हंगामा होता रहा। पहली पत्नी ने अपनी शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस अब फ्रॉड दूल्हे को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। औरंगाबाद के सूर्य मंदिर में रोजाना कई शादियां होती हैं। इन शादियों में कई बार अजब शादी की गजब कहानी सामने आती है। जिसमें दूल्हा दूसरी दुल्हन की तलाश में मंदिर पहुंचता है। शादी की तैयारी होती है लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस आ जाती है। वहीं, पहली दुल्हन भी दूल्हे की मंशा पर पानी फेर देती है। फिलहाल इस घटना की चर्चा चारों तरफ हो रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading