पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में एक भाई ने भाई की हत्या कर दी. मृतक का कसूर सिर्फ इतना था कि वह घर में झाडू लगा रहा था. इसी दौरान कुछ कचरा भाई के कमरे के आगे रह गया. जिसको लेकर दोनों भाईयों के बीच जमकर लड़ाई हो गयी. देखते-देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक भाई ने दूसरे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. ये मामला मीरगंज थाना क्षेत्र का है. आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतारा
मृतक के भाई मोहम्मद घोलटू ने बताया की मृतक मोहम्मद मशीर अपने घर में झाड़ू दे रहा था. इसी बीच मोहम्मद रासो अपने रूप के आगे कचरा देख भड़क गया और मृतक से लड़ने लगा. यह विवाद थोड़ी देर में मारपीट में बदल गया. इतने में मोहम्मद रासो घर में रखा घास कटाने वाला हथियार उठा लया और उससे हमला कर अपने भाई की हत्या कर दी. आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद घर से भाग निकाला.
हत्या कर भाग रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ा
इस बीच परिजन चीखने और शोर मचाने लगे. जिसे सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ भागे. लोगों ने आरोपी को भागता देख उसे पकड़ लिया. इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.



