मुजफ्फरपुर: लंगट सिंह कॉलेज सभागार में रविवार को कॅरियर काउंसिलिंग सह प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय, सूबे के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री इसराइल मंसूरी और एमडीडीएम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने कहा कि इस तरह के काउंसिलिंग सत्र की मदद से छात्र अपने अंदर के हुनर को पहचान पाते हैं जिससे उन्हें कॅरियर का चयन करने में सहूलियत होती है।
उन्होंने कहा कि एलएस कॉलेज प्रशासन खासकर वोकेशनल पाठ्यक्रमों के छात्रों को कॅरियर गाइडेंस और उनके समुचित प्लेसमेंट के लिए सदैव प्रयत्नशील रहता है। आईटी मंत्री इजरायल मंसूरी में कॉलेज प्रशासन और एमलाइन की ओर से आयोजित इस सत्र की सराहना करने के साथ कहा कि इस तरह के प्लेसमेंट ड्राइव से छात्रों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा की बिहार की आईटी पॉलिसी शीघ्र ही लागू की जाएगी। कोशिश रहेगी कि सिर्फ राजधानी पटना ही नहीं पूरे बिहार में आईटी हब बने। उन्होंने सभागार में उपस्थित सभी छात्रों को विभाग के स्तर पर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कॉलेज ने अपनी पुरानी गरिमा वापस पाने की दिशा में कई सकारात्मक पहल किए हैं।
एमडीडीएम की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्रों को अवसर भी मिलेगा और उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा भी विकसित होगी। एमलाइन के चेयरमैन विरची कुमार व एमडी गंगेश गुंजन ने कंपनी में अवसर के बारे में बताया। मौके पर डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. दिलीप कुमार आदि थे।



