अगले दो-तीन दिनों के दौरान बारिश की आशंका; गिरेगा पारा

पटना : प्रदेश में सुबह-शाम ठंड का प्रभाव बना हुआ है। दोपहर में धूप निकलने के साथ लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। ऐसे में लोगों की मानें तो ठंड का प्रभाव कम हो गया है। मौसम विज्ञानी की मानें तो सर्दी का प्रभाव अभी अगले 10 दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। एक फरवरी के बाद से ठंड का प्रभाव बढ़ेगा। इस दौरान दिन रात के तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट की आशंका है।

शनिवार को प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। राजधानी समेत प्रदेश के 18 जिलों के अधिकतम तापमान व 15 जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।

पटना के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री की गिरावट के साथ 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10.2 डिग्री सेल्सियस के साथ जीरादेई प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

शनिवार को पटना समेत गया, पूर्णिया में सुबह के समय कोहरा छाए रहा। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक शुष्क पछुआ हवा का प्रवाह बना रहेगा। सुबह के समय राजधानी समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी कोहरे का प्रभाव रहेगा।

मौसम विज्ञानी की मानें तो अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिण व पश्चिमी हिस्सों में आंशिक वर्षा की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है। वर्षा के बाद आकाश साफ होने के बाद तापमान में वृद्धि होने से ठंड का प्रभाव कम होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.