मुजफ्फरपुर : इस बार महाशिवरात्रि 18 को मनायी जायेगी. इस दिन मालव्य, हंस, सर्वार्थसिद्धि और यायीजय योग बन रहा है. इस दिन मीन राशि में शुक्र और गुरु ग्रहों का एक साथ होना कल्याणकारी होगा, ज्योतिष पं. प्रभात मिश्र ने कहा कि इस दिन सूर्य, शनि कुंभ राशि में विराजमान हैं, लेकिन गुरु, शुक्र का एक साथ होने से सुख, समृद्धि के साथ आरोग्यता की प्राप्ति होगी और सभी क्षेत्रों में विकास होगा.
शुक्र ऐश्वर्य,शांति सौंदर्य और सांसारिक भोगों को प्रदान करते हैं तो मकर राशि में मन का कारक चंद्रमा, भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान हैं. चंद्रमा शांति शीलता, सुख, और अरोग्यता प्रदान करने वाला है.
महाशिवरात्रि भगवान शिव के पूजन का सबसे बड़ा पर्व है, माना जाता है कि सृष्टि के प्रारंभ में इसी दिन मध्यरात्रि को भगवान शंकर का ब्रह्मा से रुद्र के रूप में अवतरण हुआ था, भगवान शिव जितनी जल्दी प्रसन्न होते हैं, उतनी ही जल्दी नाराज भी हो जाते हैं.
इस बार महाशिवरात्रि पर गोला रोड स्थित रामभजन आश्रम से देवी- देवताओं की 53 झांकियां निकाली जायेंगी. इसकी तैयारी में कलाकार जुट गये हैं. थर्मोकॉल सहित लकड़ी से रथ तैयार किया जा रहा है.
शिव-पार्वती के रथ को लोहे से फ्रेमिंग की जा रही है. झांकी में देवी-देवताओं के वेश में चलने के लिए कलाकारों का चयन भी किया जा रहा है. रामभजन आश्रम से 1971 से महाशिवरात्रि की झांकी निकाली जा रही है. झांकी के संयोजक पूर्व विधायक केदारनाथ प्रसाद ने कहा कि झांकी के 52 वर्ष पूरे हो चुके हैं.


