मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के धीरनपट्टी स्थित नॉर्थ पॉइंट स्कूल में रविवार को विज्ञान,शिल्प एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
विज्ञान के युग में नए-नए किए गए आविष्कार को बच्चों ने अपने मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस दौरान अभिभावकों और शिक्षकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की खूब सराहना की। स्कूल के बच्चों ने क्रियाशील मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
विज्ञान के क्षेत्र में बच्चों का मानसिक विकास स्पष्ट झलक रहा था। बच्चों ने इस विज्ञान प्रदर्शनी में जेट इंजन, रोबोट, वाटर पॉल्यूशन, वेब डेवलपमेंट आदि सहित अन्य आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किया। शिल्प कला में बच्चों ने मधुबनी पेटिंग, स्मार्ट सिटी तथा अन्य प्रकार के मॉडल बनाया।
इस प्रदर्शनी को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक विजय, बिभू, राजीव, मनोज व प्रीति मैडम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्कूल की प्रधानाचार्य मोनिदिपा मित्रा ने सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं को विज्ञान, शिल्प एवं कला प्रदर्शनी को सफल बनाने में योगदान देने पर धन्यवाद दिया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















