दरभंगा. जिले के पं. कमलाकांत झा को पूर्वोत्तर मैथिल अटल मैथिली सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.मिथिला सांस्कृतिक समन्वय समिति गुवाहाटी ( असम ) के द्वारा 19 फरवरी को आयोजित होने वाले 22वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा. बता दें कीविद्यापति सेवा संस्थान की सलाहकार समिति के अध्यक्ष सह मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा को मिथिला एवं मैथिली के सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पूर्वोत्तर मैथिल अटल मैथिली सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है.
मैथिली के प्रख्यात गीतकार स्व रवीन्द्रनाथ ठाकुर के नाम समर्पित इस समारोह में उनके अतिरिक्त तारानंद वियोगी को राजकमल साहित्य सम्मान , ताराली शर्मा को भारतरत्न डा भूपेन हजारिका सांस्कृतिक समन्वय सम्मान और मनीष आनंद झा व अमर शंकर पोद्दार को पूर्वोत्तर मैथिल उद्यमी सम्मान प्रदान किए जाएंगे. मिथिला सांस्कृतिक समन्वय समिति, गुवाहाटी द्वारा पूर्वोत्तर मैथिल अटल मैथिली सम्मान के लिए पं कमलाकांत झा का चयन किए जाने से विद्यापति सेवा संस्थान परिवार में काफी हर्ष है.
सांस्कृतिक विकास को एक नई ऊर्जा मिलेगी
संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए पं कमलाकांत झा का चयन होने से मिथिला एवं मैथिली के सांस्कृतिक विकास को एक नई ऊर्जा एवं गति मिलेगी. उनकी इस उपलब्धि पर विद्यापति सेवा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर बुचरू पासवान, सचिव प्रो जीवकांत मिश्र, वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा पुरुषोत्तम वत्स आदि ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है.




