बिहार : नगर थाने के पुरानी बाजार काली कोठी मुहल्ला में रविवार को चाकूबाजी में बादल कपूर की मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने सोमवार को प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया, इससे प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी।
वहीं, चाकूबाजी में मारे गए बादल कपूर के परिजन एक ही बात कह रहे हैं। परिजनों का कहना है कि बादल कपूर ने खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना के बाद मृतक युवक की पत्नी और पड़ोसी किरायेदार रवि कुमार को हिरासत में लिया है।
नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बादल के शव को परिजनों को सौंप दिया है। सोमवार की शाम युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल, परिजनों ने प्राथमिकी के लिए आवेदन देने में असमर्थता जताई है। परिजनों ने कहा कि थके होने और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वो प्राथमिकी नहीं दर्ज करवा पाए हैं। परिजनों ने मंगलवार को आवेदन देने की बात कही है।
पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास-परिजन
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बादल सनकी था। बात-बात में तैश में आ जाता था। इससे पहले भी वह कई बार सिर फोड़ने का प्रयास कर चुका है। एक बार वह साहू पोखर में कूद गया था। उसकी इस हरकत से परिजन परेशान थे। परिजनों का कहना है कि रविवार को भी पत्नी से विवाद होने पर बादल ने तैश में आकर खुद पर चाकू से हमला कर दिया। बचाने आई पत्नी को भी उसने घायल कर दिया। नगर पुलिस उपाधीक्षक राघव दयाल ने बताया कि परिजन एक ही बात बता रहे हैं। फर्दबयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी।
क्या है मामला
बता दें कि पड़ोसियों का कहना है कि रविवार शाम दंपती में विवाद हुआ था। इसमें मारपीट हुई। बादल के दोनों बच्चे घर से बाहर निकलकर शोर मचाने लगे। शोर सुनकर पड़ोसी घर के बाहर जुट गए। दोनों दंपती घर में घायल पड़े थे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।


