पूर्णिया. महागठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार के लोगों से एकजुटता की अपील करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि देश की तमाम रीजनल पार्टियों को बुलाकर एक साथ लाए और मिलजुल कर बीजेपी के खिलाफ रणनीति बनाए. इसके साथ ही तेजस्वी ने यह संकल्प लिया कि पिता लालू प्रसाद की तरह ही वे भी कभी सांप्रदायिक शक्तियों से समझौता नहीं करेंगे. इसके साथ ही तेजस्वी ने यह भी जता दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने की भी जल्दी नहीं है. तेजस्वी ने इसी मंच से दिल्ली मार्च का भी आह्वान करते हुए कहा कि जब जब बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हारता है.

तेजस्वी यादव ने लोगों को आगाह किया कि सीमांचल में भाजपा के लोग कुछ ऐसा कर सकते हैं जिससे माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए सब सावधान रहें. उन्होंने कहा कि आप लोगों के आशीर्वाद से लालू यादव जी का ऑपरेशन सफल हुआ आज वो आज आप लोगों के बीच हैं. मेरे पिताजी ने कभी भी सांप्रदायिक शक्तियों से समझौता नहीं किया और हमेशा उनसे लड़ते रहे. लालू जी का बेटा भी कभी सांप्रदायिक शक्तियों से समझौता नहीं करेगा. हमलोगों को मिल कर बीजेपी से लड़ना है.
डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी में कोई लीडर नहीं बल्कि सब डीलर हो चुका है. तेजस्वी ने आगे कहा, प्रधानमंत्री जी आप सिर्फ जुमला बोलते हैं. काम तो कुछ करते नहीं हैं. बिहार को बजट में क्या मिला, कुछ नहीं. तेजस्वी यादव ने लोगों से हाथ उठवाकर बुलवाया कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले. तेजस्वी ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम पर भी इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी की B टीम से बचकर रहना है.
तेजस्वी ने आगे कहा कि आज नीतीश जी हमारे साथ हैं और हम मिलकर बीजेपी से मुकाबला कर रहे हैं. नीतीश जी सही समय पर हमारे साथ आए और आज वो हमें लीड कर रहे हैं. जब-जब बिहार लड़ता है, दिल्ली हारता है. जदयू को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. समाजवाद को तोड़ने की कोशिश हो रही है. नीतीश जी लड़े और महागठबंधन में आकर बीजेपी को सबक सिखाया.
तेजस्वी यादव ने ये भी साफ किया कि उनकी महत्वाकांक्षा मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं है और न ही किसी को प्रधानमंत्री बनने की ही चाहत है. सिर्फ बीजेपी को 2024 में हराना है. मैं विश्वास दिलाता हूं कि हमलोग पूरी तरह से आपस में मिलकर बीजेपी का मुकाबला कर रहे हैं. मुझ पर झूठा आरोप लगाया गया. अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि कहते हैं बिहार में जंगल राज है. बिहार में अमन राज है, मंगल राज है. बिहार में कोई आपसे डरने वाला नहीं है.

तेजस्वी यादव ने फिर A TO Z की राजनीति की बात की और कहा कि आज समाज के सारी जातियों और धर्मों को मिलाकर रखना है. लेकिन, कुछ लोग इसे खराब करने की कोशिश की जा रही है. मैंने रोजगार का वादा किया है उसपर काम चल रहा है. बहुत जल्द आपको रोजगार मिलेगा, आप चिंता मत कीजिए. सरकार आप लोगों की हर समस्या को दूर करेगी. सरकार आपकी है. हम लोग एक साथ चलेंगे, दिल्ली मार्च करेंगे. तेजस्वी यादव ने अमित शाह का नाम लेकर बोला एक बिहारी सब पर भारी.
