भागलपुर: जिले के घोघा थाना क्षेत्र के कोदवार गांव में प्यार में छली गई एक हताश व निराश प्रेमिका भूखी-प्यासी अपने प्रेमी के घर की चौखट पर बैठ है। कुछ घंटों में यह बात जंगल की आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। इधर प्रेमिका की जिद व हाई वोल्टेज ड्रामे से घबरा कर प्रेमी घर छोड़कर फरार हो गया।
गांव वालों ने मामले को लेकर पंचायत बुलाई, लेकिन देर रात प्रेमी के फरार हो जाने के बाद निर्णय नहीं हो सका। गांव की ही प्रियंका कुमारी और ब्रह्मदेव मंडल के पुत्र दीपक कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। समय बीतते गया दोनों के बीच प्यार की गहराई बढ़ती चली गई। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें भी खाई।
प्रेमिका का प्रस्ताव ठुकरा कर कहीं और जोड़ लिया रिश्ता
युवती के मुताबिक, मामला तब बिगड़ा, जब लड़के की शादी कहीं और तय कर दी गई। प्रेमिका प्रियंका ने जब प्रेमी दीपक से शादी का प्रस्ताव रखा, तो वह मुकर गया। इसके बाद प्रियंका ने यह कदम उठाया है और वह बुधवार को दिन के दो बजे दीपक के घर जा पहुंची। कई लोग मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन जिद पर अड़ी प्रेमिका मानने को तैयार नहीं हुई। पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
‘ए समाज के लोगों, मेरे प्यार को बचा लो’
पीड़ित प्रेमिका बार-बार यह कहते सुनाई दी, ‘मैं अपने प्रेमी दीपक के बिना जीवित नहीं रह सकूंगी। यदि मेरी शादी मेरे प्रेमी से नहीं हुई, या मेरे बाबू साहब की शादी दूसरे लड़की से हुई तो मैं अपनी जान दे दूंगी।’
वह चीख-चीखकर एक ही बात कह रही है कि समाज के लोगों मेरे प्यार को बचा लो, मैं आप लोगों का जीवन भर अहसान मानूंगी। मैं दीपक को अपना पति मान चुकी हूं। यह दरवाजा मेरे ससुराल की चौखट है। यहां से अब मेरी अर्थी ही उठेगी। देर रात तक कोई निर्णय नहीं हो सका था। किसी भी पक्ष द्वारा लिखित या मौखिक सूचना थाने को नहीं दी गई है। देर रात तक पीड़िता प्रेमी के घर की चौखट पर बैठी थी।


