मुजफ्फरपुर: गोबरसही स्थित बिहार क्लब के सभा मैदान में आज माउंट लिट्रा एवं किड्जी स्कूल चक्कर मैदान रोड के बच्चों ने स्कूल के वार्षिकोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सामूहिक रुप से संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर अरुण कुमार सिंह, निदेशक डॉ रागिनी रानी, उप महापौर डॉ मोनालिसा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, साहित्यकार मनोज कुमार झा गाफिल, संस्कार भारती के संगठन मंत्री गणेश प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद विद्यालय के निदेशक डॉ रागिनी रानी ने अभिभावकों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे नौनिहाल हमारे देश के भविष्य हैं। कोरोना के बाद जिस तरीके से स्थितियां बदली हैं, ऐसे में बच्चों पर और भी ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। हम आपसे अपील करते हैं कि बच्चों के रचनात्मक विकास के लिए उसके साथ पूरा पूरा समय दे। तत्पश्चात बच्चों द्वारा तैयार किए गए लगभग 3 दर्जन से भी अधिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति हुई ।

इन प्रस्तुतियों में माउंट लिट्रा एवं किड्स जी के ब्रह्मपुरा एवं चक्कर ब्रांच के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। जिन प्रस्तुतियों ने अभिभावकों को संवेदनशील बना दिया उनमें मुख्य रूप से देश भक्ति पर केंद्रित उरी की प्रस्तुति, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता सेव द ट्री, माता और पिता को समर्पित गीत-नृत्य, किसानों की दशा को चित्रित करता गीत एवं होली के रंगों में भींगो देने वाला रंगीन प्रस्तुतियों ने बच्चों के लिए खूब तालियां बजवाई।

इस अवसर पर अभिभावकों से बीच-बीच में रोचक प्रश्न पूछ कर उन्हें उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। जबकि निदेशक डॉ रागिनी रानी के शिक्षाप्रद विचारों के फोल्डर का लोकार्पण कर उन्हें उपस्थित अभिभावकों के बीच वितरित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ यह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। मंच का संचालन शिक्षक डॉ सतीश कुमार साथी ने किया ।














