मुजफ्फरपुर: बिहार में बेखौफ अपराधियों ने बेतिया और पटना के बाद एक दिन में तीसरा अपहरण किया है। अब मुजफ्फरपुर में डॉक्टर पुत्र अगवा किये गये हैं जिसको लेकर प्रशासन में हडकंप मच गया है। मामला कांटी थाना क्षेत्र के कांटी ओवरब्रिज के समीप एक निजी स्कूल के सामने की है जहां अपराधियों ने डॉक्टर एसपी सिंहा के इकलौते पुत्र विवेक कुमार को जबरदस्ती कार में बैठाकर निकल गये। अपहरण की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया । आनन-फानन में डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद और कांटी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी आसपास के लोगों से ले रही है।साथ ही पुलिस उस क्षेत्र में लगे सारे सीसीटीवी फुटेजों को भी खंगालने में जुट गई है।

परिजनों में भय का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही अपहृत विवेक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। ये लोग किसी अनहोनी से भयभीत होकर अपने बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।
क्या कहती है पुलिसघटना के संबंध में डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद का कहना है कि कांटी थाना क्षेत्र से डॉक्टर पुत्र का अपहरण हुआ है। इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। साथ ही तकनीकी जांच भी चल रही है। पुलिस की टीम सकुशल बरामदगी के लिए लगी हुई है जिसके लिए दो तीन टीमें इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है जो अलग-अलग क्षेत्रों से काम कर रही है साथ ही साथ विभिन्न पहलुओं पर भी जांच पड़ताल चल रही है।