समस्तीपुर: समस्तीपुर में बैंक लूट हुई है। शुक्रवार दिनदहाड़े लुटेरों ने पूसा थाना इलाके के महमदा गांव में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा में घुसकर लूटपाट की। बैंक खुलते ही 5 बदमाश ग्राहक बनकर घुसे और हथियार के बल पर 5 लाख कैश लूट लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई।

बैंक के स्टाफ ने कहा कि 5 बदमाश हेलमेट पहनकर बैंक में घुसे। जब तक हम लोग कुछ समझ पाते हैं। बदमाश हथियार के बल पर सभी को बैठने के लिए कहा। इसके बाद कैशियर की कनपटी पर बंदूक सटाकर कैश काउंटर पर रखे ₹5 लाख लूट कर फरार हो गए।

पिछले एक माह में तीसरी बैंक लूट
पुलिस के अनुसार, बैंक लूट की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इधर, लोगों का कहना है कि समस्तीपुर में अपराध चरम पर है। बैंक लूट की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। पिछले एक महीना में जिले के ग्रामीण बैंक में लूट की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले भी दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की दो अन्य शाखा से लाखों की लूटपाट हो चुकी है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लें और लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। इधर घटना के बाद बैंक कर्मी दहशत में है।