बिहार में एक बार फिर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के खिलाफ दबिश दी है। राज्य के 12 जगहों पर एनआईए की टीम छापामारी के लिए पहुंची है। दरभंगा में NIA की टीम एक डॉक्टर के घर पर पहुंची है।
बताया जा रहा है कि दरभंगा शहर के उर्दू बाजार स्थित डॉक्टर सारिक रजा और सिंघवारा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी महबूब के घर पर एनआईए पहुंची है। मंगलवार सुबह-सुबह NIA की टीम इनके घर पहुंची तो इलाके में हड़कंप मच गया।एनआईए टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी पहुंची है। सभी जगह बाहर से घर को लॉक कर दिया गया है। किसी बाहरी को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। टीम घर के अंदर दस्तावेजों को खंगाल रही है। सूत्रों की मानें इन सभी का तार PFI से जुड़ा है।

बता दें कि प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) देशव्यापी कार्रवाई के तहत संगठन से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापामारी कर रही है। बताया जा रहा है कि देशभर में कुल 17 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और गोवा शामिल हैं।