पटना वालों के लिए बेहद जरूरी खबर, 27 अप्रैल को नहीं चलेंगे ऑटो

पटना: बिहार की राजधानी पटना में रहने वालों के लिए बेहद जरूरी सूचना है। गुरुवार को ऑफिस या किसी काम से घर निकलने वाले हैं तो यह खबर जरूर जान लें। 27 अप्रैल से पटना के ऑटो चालक हड़ताल पर जा रहे हैं। मंगलवार को ऑटो रिक्शा और इ-रिक्शा संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने पटना में बैठक की, जिसमें हड़ताल का फैसला लिया गया। महानगर ऑटो चालक संघ ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि प्रशासन ने ऑटो के लिए रूट तय किये हैं। जबकि ऑटो एसोसिएशन का कहना है कि रिजर्व ऑटो के लिए कोई रूट निर्धारण ना हो। ऑटो चालक एसोसिएशन का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर 26 अप्रैल को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा।

Patna Auto Taxi Driver Strike

उन्होंने धमकी दी है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह गुरुवार से हड़ताल पर जाएंगे। इससे पहले ई-रिक्शा चालकों ने मंगलवार को गंगा पथ पर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में 70 से ज्यादा ई रिक्शा चालकों ने पहले गंगा पथ पर दो घंटे तक बैठक की, जिसके बाद निर्णय लिया कि जिला प्रशासन से मांग की जाए कि उन्हें पटना जंक्शन तक जाने की अनुमति दी जाए।

बता दें कि पटना जिला प्रशासन शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए कुछ रूट पर ऑटो की आवाजाही बंद करना चाह रही है। ट्रैफिक एसपी, परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य कई वरीय अधिकारी ने कुछ ऑटो यूनियन और ई रिक्शा चालक यूनियन के साथ बैठकर पटना को जाम मुक्त बनाने की दिशा में एक कदम उठाया है। इसी के तहत शहर में ऑटो और ई रिक्शा के मार्ग को तय कर दिया गया है। बता दें कि फिलहाल फ्रेजर रोड, बेली रोड, बाइपास रोड आदि जगहों पर ऑटो को प्रतिबंधित किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.