बिहार की राजधानी पटना में एक गैराज में भीषण आग लगने से दर्जनों गाड़ियां जलकर राख हो गई। पटना सिटी के चौक थाना अंतर्गत हरनाहा टोला स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप एक खाली भूखंड पर यह गैराज है। बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे अचानक आग लग गई। आग से गैराज में रखा 12 ई-रिक्शा, एक कार, वाहन की 8 बैटरी समेत अन्य सामान पूरी तरह से जल गया। आग की सूचना पाकर पटना सिटी फायर स्टेशन से दमकल की टीम पहुंची। दमकल की दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। आग बुझाने में स्थानीय नागरिकों ने भी तत्परता दिखाई।

एसी रूम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
भूखंड मालिक पूर्व पार्षद महमूद कुरैशी ने बताया कि भूखंड पर लगे मोबाइल टावर के एसी रूम में शॉर्ट लगने से गैराज में आग लगी। उन्होंने बताया कि सात महीना पहले मोहम्मद रियाज ने किराए पर गैराज खोला था। गैराज मालिक मोहम्मद रियाज ने बताया कि गैराज में रखा दर्जनभर ई-रिक्शा, आठ बैटरी और एक कार जल गई।

बेटी की शादी की तैयारियों की बीच आग ने बढ़ाई मुसीबत
उन्होंने बताया कि 20 मई को उनकी बेटी की शादी होने वाली है। आग से हुए लाखों के नुकसान के कारण बेटी की शादी को लेकर समस्या उत्पन्न हो गई है। साथ ही जिनके ई-रिक्शा जले हैं, वे सभी गरीब हैं। उनकी जीविका का एकमात्र साधन ई-रिक्शा ही था। पीड़ितों ने जीविकोपार्जन के लिए मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।