छपरा : सारण जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी है. अपराधी आए दिन हत्या और लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं. इस बार अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसाई को अपना निशाना बनाया है. अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई.घटना जिले के रिविलगंज थाना अंतर्गत रिविलगंज बाजार की है. मृतक व्यवसायी की पहचान रिविलगंज बाजार के 55 वर्षीय जयप्रकाश आर्य के रूप में हुई है. जो अपने घर में जेपी ज्वेलर्स आभूषण दुकान का संचालन करते थे.
स्वर्ण व्यवसाई की अपराधियों ने गला रेतकर कर दी हत्या
जयप्रकाश आर्य के पुत्र सूरज आर्य ने बताया कि 1 मई को सभी लोग विवाह समारोह में शामिल होने हाजीपुर गए थे. उनके पिता जयप्रकाश आर्य मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते थे. लिहाजा उनकी कोई खबर नहीं मिल पा रही थी. जब तीन मई को वापस लौटे तो घर के अंदर से बदबू आ रही थी और दरवाजा बाहर से बंद था. दरवाजा खोल कर घर के अंदर प्रवेश किया तो पिता की लाश पड़ी थी. अपराधियों ने गला रेत कर उनकी हत्या कर दी थी. सूरज आर्य ने बताया कि उनकी किसी से न कोई दुश्मनी है और न ही इस घटना में लूटपाट की कोशिश की गई है. ऐसे में उनको समझ नहीं आ रहा कि हत्या किसने की है.
स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के मामले की जांच में जुटी पुलिस
हत्या की सूचना मिलते हीं मौके पर रिविलगंज थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान दल बल के साथ पहुंचे और छानबीन प्रारंभ कर दी है. वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है. रिविलगंज थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि जिस वक्त घटना हुई, उस वक्त घर के अन्य लोग हाजीपुर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. जब वापस लौटे तो घर में जयप्रकाश प्रसाद की लाश पड़ी हुई थी. इस मामले में परिजनों ने लूटपाट की आशंका से इनकार किया है. साथ हीं किसी से आपसी रंजिश भी नहीं बताया है. पुलिस फिलहाल इस मामले की छानबीन में जुट गई है.