बिहार: नवादा-जमुई स्टेट हाईवे पर पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना शनिवार की सुबह साढ़े पांच बजे की है। दूल्हा-दुल्हन को लेकर लौट रही एक कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे खड़े कोल्ड ड्रिंक्स से भरे ट्रक से टकरा गई।


दूल्हा-दुल्हन के साथ चार लोग हुए जख्मी
बताया गया कि कार में दूल्हा-दुल्हन के साथ चार लोग सवार थे। दोनों नवादा जिला से शादी कर के बांका जिला जा रहे थे। हादसे में दूल्हा मो गौहर शेख (25 साल) और दुल्हन अक्तरी खातून (18 साल) के साथ कौमू नीशा (65 साल), मो अफसर (31 साल) भी जख्मी हो गया और इसे सीएचसी पकरीबरावां में प्राथमिकी इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।
ग्रामीण और परिजनों ने किया सड़क जाम
इस बीच ग्रामीणों ने सड़क जाम कर नवादा-जमुई स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। घटना और जाम की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रवि भूषण दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के आश्रितों को दिए 20 हजार रुपये
पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पारिवारिक लाभ योजना अंतर्गत मृतक के आश्रित को 20 हजार दिए। साथ ही हर संभव सरकारी सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
दो घंटे बाद लोगों ने हटाया जाम
प्रखंड विकास पदाधिकारी के आश्वासन के बाद करीब 2 घंटे बाद नवादा-जमुई स्टेट हाईवे पर आवागमन बहाल हुआ। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त के दोनों वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, दोनों डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है।