पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले में दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो महिलाएं रिश्ते में ननद-भाभी है। शनिवार को दोनों पीड़िता ने पांच लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों पीड़िता जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। पीड़ित ननद ने बताया कि वो अपनी भाभी के साथ शुक्रवार को अपनी बीमार मौसी को देखने के लिए पैदल दमका चौक होते हुए जा रही थी। इसी बीच सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर बाइक सवार पांच लोग दोनों को जबरन मक्के के खेत में ले गए।
यहां सभी आरोपितों ने हथियार के बल पर बारी-बारी से ननद-भाभी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िताओं ने बताया कि इसी दौरान एक चार चक्का वाहन को आते देख सभी आरोपित वहां से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित महिलाओं का मेडिकल जांच भी कराया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दो महिलाओं के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म का आवेदन दिया गया है। इस आलोक में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच पड़ताल की गई है।
मक्के के खेत में कई जगह फसल टूटा पाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसमें एक महिला के पूर्व पति व उसके अन्य रिश्तेदार को भी आरोपित किया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
