छपरा के सतीश को गांव की अनिता से हुआ प्यार, पुलिस के पहरे में थाने में रचाई शादी

छपरा: बिहार के छपरा में चट मंगनी पट ब्याह का नजारा मांझी थाने में देखने को मिला, जहां पुलिस की देख-रेख में प्रेमी युगल की शादी सम्पन्न हुई। यहां फतेहपुर सरैया निवासी सतीश कुमार की जीवन संगिनी उसी गांव की कुमारी अनिता बनी है। मिली जानकारी के अनुसार पहले दोनों के परिजन इस शादी के लिए राजी नहीं थे।उधर, परिजनों की बेरुखी को देखते हुए बीते 12 जून को बैंक में पैसा निकालने की बात कहकर घर से निकली अनिता कथित रूप से सतीश के संग रफ्फूचक्कर हो गई। बाद में हकीकत का पता चलने पर दोनों के परिजनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया।बताते हैं कि बढ़ते तनाव को देखते हुए युवती के पिता ने घटना की जानकारी मांझी थाना पुलिस को भी दी थी। इसी बीच शनिवार को अचानक दोनों अपने गांव आ धमके। दोनों को एक साथ आया देख सतीश के पिता आग बबूला हो गए तथा उनको घर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी।

परिजनों की बेरुखी को देखते हुए प्रेमी युगल मांझी थाना पर पहुंच गए और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने दोनों के परिजनों के अलावा स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मिन्टू यादव और अन्य गणमान्य लोगों को थाना पर बुला लिया और पंचायती के माध्यम से दोनों के परिजनों को शादी के लिए राजी भी करा लिया। बाद में दोनों की शादी करा दी गई।बाद में थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास के विशेष प्रयास के बाद थाना की चहारदीवारी के सामने स्थित बजरंग बली के मंदिर में आनन-फानन में सिंदूरदान की रस्म भी पूरी करा ली गई। मौके पर मौजूद अनेक गणमान्य लोग और पुलिस कर्मी इस अजीबोगरीब शादी के गवाह बने।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.