मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में शादी का झांंसा देकर एक युवक नाबालिग छात्रा का यौन शोषण करता रहा और जब वह गर्भवती हो गई तो उसे दगा देकर किसी और से शादी कर ली। यह मामला जिले के सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। दगाबाज प्रेमी की इस हरकत की जानकारी मिलने से हताश और निराश नाबालिक प्रेमिका न्याय की गुहार लगाने सकरा थाने पहुंच गई। बृहस्पतिवार दोपहर मुरौल प्रखंड क्षेत्र के एक गांव के 16 साल की छात्रा अपने प्रेमी की दगाबाजी की शिकायत लेकर थाना पहुंची। छात्रा के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
थाने में लिखित आवेदन देते हुए नाबालिग छात्रा ने बताया कि पिछले 6 महीने से गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर पिछले कई महीनों से वह उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। प्रेमी द्वारा कई महीनों से बनाए जा रहे शारीरिक संबंध के कारण कुछ महीने पहले वह गर्भवती हो गई। अब उसके गर्भ में तीन महीने का बच्चा पल रहा है। नाबालिग छात्रा ने गर्भवती होने की जानकारी जब अपने प्रेमी को दी तो वह भड़क उठा।
प्रेमिका के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के कुछ ही दिन बाद युवक ने उसे धोखा देकर आनन-फानन में किसी और से शादी रचा ली। नाबालिग छात्रा ने बताया कि अब वह कहता है कि वह उसे शादी नहीं करेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

