सारण: बिहार के छपरा के कचहरी स्टेशन के पास अहले सुबह लगभग 3 बजे के आसपास एक युवक को चाकू गोदकर घायल कर दिया गया. ओवर ब्रिज के नीचे दौड़ते हुए युवक आ रहा था और उसके पीछे कुछ लोग थे. जिन्होंने उसे चाकू गोदकर बुरी तरह से घायल कर दिया था.
अस्पताल ले जाने के क्रम में तोड़ा दम
घायल युवक भागता हुआ छपरा कचहरी जीआरपी पुलिस पोस्ट पहुंचा और वहां गिर गया. जिसके बाद आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने उसे ऑटो पर बैठाकर छपरा सदर अस्पताल भिजवाया. इसी बीच रास्ते में ही ज्यादा खून निकल जाने कारण उसकी मौत हो गई.
प्रेम प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है मामला
मृतक गांव धूप नगर धवल थाना खैरा के रहने वाले कृष्णा राय का 26 वर्षीय पुत्र सुनील यादव बताया जा रहा है. यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है. घटना के तुरंत बाद दो लड़कियां भी जीआरपी थाने पहुंची. फिलहाल जीआरपी ने दोनों युवतियों को रोक रखा है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं पुलिस मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं पुलिस ने इस घटना के बाद शव को छपरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सोनपुर रेल डीएसपी समेत पुलिस के वरीय पदाधिकारी छपरा कचहरी स्टेशन जीआरपी थाना पहुंच चुके हैं. लोगों से इस घटना के बारे में पूछताछ और जांच की जा रही है.

