पहली बार बीपीएससी में एक प्रश्न पत्र से आयोजित होंगी चार परीक्षाएं, आवेदन से लेकर परीक्षा तक… जानें सभी डिटेल्स

पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) 69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा सहित चार प्रारंभिक परीक्षाओं का आयोजन एक ही प्रश्न पत्र से करेगा। राज्य में पहली बार सिविल सेवा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक तकनीकी के रिक्त पदों की प्रारंभिक परीक्षा में एक ही प्रश्न पत्र होगा। उक्त चारों की मुख्य परीक्षा में 100 अंकों की हिंदी और 300-300 अंकों के सामान्य अध्ययन प्रथम व द्वितीय पत्र और निबंध के प्रश्न पत्र भी समान होंगे। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंक के आधार पर चयन के लिए मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

साक्षात्कार में सभी के लिए 120 अंक निर्धारित

69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मेधा सूची मुख्य परीक्षा में 300-300 अंकों के सामान्य अध्ययन पेपर एक व दो और निंबध और 120 अंकों के साक्षात्कार में कुल 1020 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी की मेधा सूची 300-300 अंकों की सामान्य अध्ययन पेपर एक व दो और वैकल्पिक विषय और 120 अंकों के साक्षात्कार में कुल 1,020 में प्राप्त अंकों के आधार पर बनेगी। पुलिस उपाधीक्षक तकनीकी के लिए 300-300 अंकों के सामान्य अध्ययन पेपर एक व दो, निंबध और वैकल्पिक विषय और 120 अंकों के साक्षात्कार में कुल 1320 में प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची तैयार की जाएगी।

मुख्य परीक्षा में वैकल्पिक विषय के प्रश्न होंगे अलग

सचिव सह परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि चारों पदों के लिए मुख्य परीक्षा में 100 अंकों की सामान्य हिंदी, सामान्य अध्ययन पेपर एक व दो तथा निबंध के प्रश्न पत्र भी एक ही होंगे। हिंदी में क्वालीफाई करने के लिए सभी अभ्यर्थियों को कम से कम 30 अंक प्राप्त करने होंगे। वहीं, सभी के वैकल्पिक विषय के प्रश्न पत्र अलग-अलग होंगे। अभ्यर्थी चिह्नित विषयों में से किसी एक का चयन वैकल्पिक पेपर के लिए कर सकते हैं। सिविल सेवा के लिए इनके प्रश्न 100 अंकों का बहुविकल्प आधारित वस्तुनिष्ठ और क्वॉलीफाई होगा। इसमें सामान्य श्रेणी के परीक्षार्थियों को कम से कम 40 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग को 36.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 34 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति, महिला व दिव्यांग अभ्यर्थियों को 32 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। इसके अलावा, अन्य तीनों पदों के लिए वैकल्पिक विषय की परीक्षा विषयनिष्ठ होगी। इसमें प्राप्त अंकों को चयन की मेधा सूची में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading