दरभंगाः उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल डीएमसीएच के आपातकालीन विभाग, औषधि विभाग, शिशु रोग विभाग और स्त्री रोग विभाग सहित पूरा परिसर जलमग्न हो गया है. जलजमाव की वजह से इलाज कराने पहुंचे मरीज और उनके परिजन एवं स्वास्थ्य कर्मी को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
अस्पताल में चारों तरफ जलजमाव
अस्पताल परिसर में चारों तरफ जलजमाव होने के कारण नाले का गंदा पानी आपातकालीन विभाग, औषधि विभाग, शिशु रोग विभाग सहित कई वार्डो में घुस गया है. जिससे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है, कोई भी सामान लाने के लिए परिजन गंदे पानी में आने जाने को विवश हैं.
मूसलाधार बारिश से हालत बदतर
वहीं, दरभंगा नगर निगम कार्यालय के ठीक बगल में रहने वाले अजय मोहन प्रसाद के घर में पानी प्रवेश कर गया है. उनकी माने तो देर रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण उनके घरों में दो फिट पानी घुस गया है. अचानक पानी आने से घर के नीचे रखे सारे सामान बर्बाद हो गए हैं. सबसे बड़ी समस्या खाना बनाने की हो गई है.
लापरवाही के कारण होता है जलजमाव
दरभंगा नगर के भाजपा विधायक संजय सरावगी ने कहा कि मानसून आने के पूर्व जल निकासी को लेकर लाखों की योजना बनाई जाती है और नगर निगम के माध्यम से सफाई की खानापूर्ति कर दी जाती है. जिसमें करोड़ों रुपया खर्च होता है, लेकिन बिना सही मॉनिटरिंग के कारण सभी जगह जलजमाव हो जाता है. अगर नगर निगम थोड़ा ध्यान दे कि किस जगह के कारण जलजमाव होता है और अगर उसे क्लियर कर देगा तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी.

