नेपाल में बारिश के कारण कमला नदी के जलस्तर में वृद्धि, बाढ़ का खतरा बढ़ा

मधुबनी: बिहार के मधुबनी में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. नेपाल और तराई इलाकों में हो रही बारिश के कारण एक बार फिर जयनगर में कमला नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. मूसलाधार बारिश के कारण जिले की नदियां उफान पर हैं. कमला बलान नदी झंझारपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

Thumbnail imageबाढ़ के खतरे से लोग चिंतित

नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से पूर्वी और पश्चिमी तटबंध के बीच बसे एक दर्जन से अधिक गांव के लोग डरे-सहमे हैं. तटबंध पर दबाब बढ़ता जा रहा है. कमला बलान नदी के पूर्वी और पश्चिमी तटबंध के बीच बसे गांव में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. मधवापुर, बुलानंशेर, नवटौली, भदुआर, इस्लामपुर और बेला समेत कई गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.

बारिश हुई तो बाढ़ आना तय

कमला नदी के जलस्तर में वृद्धि होने और मौसम विभाग द्वारा आगामी दो दिनों तक जिले समेत नेपाल के तराई इलाकों में बारिश होने की जारी चेतावनी के कारण एक बार फिर इलाके के लोगों को संभावित बाढ़ की चिंता सताने लगी है. लोग कमला नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को जानने के लिए बेचैन होने लगे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कमला नदी में पानी आने के साथ हम लोगों को जान-माल का खतरा बढ़ जाता है. पशुओं को चारे की काफी दिक्कत हो जाती है. ज्यादा पानी आने पर पानी गांव में प्रवेश कर जाता है. जिस वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है. बांध पर सहारा लेना पड़ता है. 2019 की बाढ़ की त्रासदी की याद सताने लगती है, तब कई परिवार घर से बेघर हो चुके थे. कई मकान नदी में समा गए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.