गया: बिहार के गया में सड़क हादसा हुआ है. गया से बाराचट्टी- मोहनपुर के लिए यात्रियों को भरकर जय भवानी नाम की बस रवाना हुई थी. एनएच 83 पर डोभी थाना अंतर्गत मनी पर गांव के समीप यात्री बस का ब्रेक फेल हो गया और बस अनियंत्रित होकर 15 फीट गहरे गड्ढे में जा पलटी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल लोगों में अधिकांश लोकल हैं. सभी बाराचट्टी और मोहनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं.
गया में ब्रेक फेल होने से यात्री बस पलटी
यात्री बस के पलटने के बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी. लोगों ने यात्रियों को बस से निकालकर इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है. दर्जन भर यात्रियों के घायल होने की सूचना है. जिन का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है.

बस का चालक और खलासी हुआ फरार
वहीं घटना के बाद यात्री बस का चालक और खलासी मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई है. बताया जा रहा है कि बस में तीन दर्जन यात्री सवार थे. जिसमें से दर्जन भर यात्रियों को चोटें आई हैं.


