श्रावणी मेला क्षेत्र में आई फ्लू तेजी से फैल रहा है। प्रतिदिन 100 से अधिक कांवरिए इसकी चपेट में आ रहे हैं। सुल्तानगंज-देवघर मार्ग में लगे 12 अस्थायी हेल्थ शिविरों में ऐसे मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्यमर्कियों ने बताया कि आइ फ्लू की वजह से कांवरियों की आंखें लाल हो जा रही हैं। उन्हें असहनीय पीड़ा भी हो रही है। पिछले चार दिनों में इनकी संख्या में तेजी से बढ़ी है। स्वास्थ्यकर्मी शुक्रवार को जिले से अधिकारी जब शिविरों का निरीक्षण करने गए तो मरीजों का आंकड़ा देख हैरान रह गए। उन्होंने विस्तार से ऐसे मरीजों की जानकारी ली।
दिल्ली से आए कांवरिये ज्यादा हो रहे संक्रमित
पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार मनस्वी ने बताया कि मेला में लगे अस्थायी शिविर में पता चला संक्रमण मेला क्षेत्र में फैल चुका है। एक दिन में सौ से ज्यादा मरीज आ रहे है। सबसे ज्यादा पीड़ित दिल्ली से आ रहे कांवरिए हो रहे हैं। चिकित्सक और नर्स इलाज में लगे हुए हैं।
तेजी से फैलता संक्रमण संक्रमण, सतर्कता है जरूरी
सदर अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सत्यदीप गुप्ता ने बताया आई फ्लू संक्रामक रोग है। यह तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे में फैलता है। ऐसे में इस रोग की चपेट में आने से बचने के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। पीड़ित व्यक्ति के तौलिए या कपड़ों का इस्तेमाल नहीं करें। मरीज से दूरी बनाकर रखें। मरीज भी अपनी आंख को बार-बार न टच न करें। अगर मरीज की आंख से निकला पानी दूसरे की आंख में चला जाएगा तो वह व्यक्ति भी संक्रमित हो जाएगा। तीन से पांच दिन तक इससे परेशानी होती है। सदर अस्पताल के ओपीडी में भी इस रोग का शिकार मरीज आने लगे हैं। डॉक्टर के अनुसार एक सप्ताह से रोजाना चार से पांच मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। जेएलएनएमसीएच में संचालित ओपीडी में भी इस रोग के रोगियों की संख्या बढ़ रही है।