पश्चिमी चम्पारण: जब भी बात पढ़ाई और खेलकूद में किसी एक के चयन की होती है, तो अधिकांशतः मध्यमवर्गीय परिवार पढ़ाई का चयन करता है. दरअसल, ऐसे परिवारों का मानना होता है कि सिर्फ पढ़ाई के बूते ही करियर बनाया जा सकता है. खेल के माध्यम से भला किसका करियर बन सकता है. लेकिन आपको बता दें कि इस अवधारणा को कई लोगों ने सिरे से गलत साबित कर दिखाया है. खेल के माध्यम से ही उन्होंने अपना भविष्य बनाया. पश्चिम चंपारण जिले में कुछ ऐसा ही हो रहा है. हाल ही में यहां की कई महिला खिलाड़ियों का चयन सरकारी विभागों में बड़े पद पर किया गया है.
जिले के खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से अब तक दर्जनों युवतियों ने खेल के बल पर सरकारी नौकरी पाई है. इनमें काजल कुमारी, अंसा कुमारी, ज्योति कुमारी, शशि कुमारी, रश्मि कुमारी, रजनी कुमारी, वंदना कुमारी, मनीषा कुमारी और ऋतु कुमारी शामिल हैं. बकौल पदाधिकारी इन सभी युवतियों की उम्र 21 से 23 वर्ष के बीच है. जहां काजल कैरम बोर्ड प्लेयर है, तो वहीं अन्य लड़कियां फुटबॉलर.
इन जगहों पर मिली नौकरी
खेल पदाधिकारी विजय पंडित के अनुसार काजल ने कैरम बोर्ड के माध्यम से अपना करियर बनाया है. आज वह भारत पेट्रोलियम में एक अच्छे पद पर कार्यरत हैं. इसी तरह अंसा कुमारी, ज्योति कुमारी, शशि कुमारी, रश्मि कुमारी तथा रजनी कुमारी रेलवे भर्ती बोर्ड मुजफ्फरपुर में कार्यरत हैं. फुटबॉल खिलाड़ी वंदना, मनीषा और ऋतु बीएमपी में हैं.