मुजफ्फरपुर : बारिश व जलजमाव के बीच स्मार्ट सिटी के गड्ढों के कारण खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो गई है। इमलीचट्टी चौराहे के पास सड़क पर गड्ढा होने से हर घंटे टेम्पो या ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। यहां पर ट्रैफिक जवान के अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात करना पड़ा है। निर्माण कार्य को लेकर इमलीचट्टी चौराहे पर सड़क काटने के बाद मरम्मत नहीं की जाने के कारण यह स्थिति है।
इधर, बैरिया इलाके में एनएच से सटे बैकुंठपुरी मोहल्ले की एक छोटी कच्ची सड़क का नामोनिशान ही मिट गया है। कुछ समय पहले इस रास्ते को सीवरेज पाइपलाइन लगाने के लिए काटा गया था। स्थिति यह है कि बारिश के बीच मिट्टी बह रही है और सड़क के नाम पर सीवेरज के मेनहोल का उपरी हिस्सा ही नजर आता है। जलजमाव प्रभावित इलाके के लोग वार्ड पार्षद के सामने आक्रोश जता रहे हैं। गुरुवार को सिकंदरपुर ढाब पहुंचे वार्ड नंबर 12 की पार्षद ममता कुमारी के पति संजीत कुमार सहनी को घेर कर लोग जलजमाव को लेकर कोसने लगे।
वार्ड नंबर 34 की पार्षद चंदा कुमारी के पति सतीश कुमार उर्फ सोनू बाबू से भी लोगों ने सड़क व नाला निर्माण को लेकर सवाल पूछे। पार्षद के मुताबिक पड़ाव पोखर व अन्य जगहों पर सड़क व नाला निर्माण के लिए नगर आयुक्त को स्थानीय लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन दिए गए, पर अब तक कुछ नहीं हुआ।