मुजफ्फरपुर : जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के मतलूपुर स्थित प्राचीन शिवालय बाबा खगेश्वरनाथ धाम का जीर्णोद्धार विश्व प्रसिद्ध बाबा पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर किया जा रहा है. निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है. खगेश्वरनाथ मंदिर का निर्माण पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर होने से जो लोग नेपाल के पशुपतिनाथ नहीं जा पाएंगे. उन्हें मुजफ्फरपुर में ही महादेव के इस स्वरूप के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा.

भारत-नेपाल के इंजीनियर कर रहे सहयोग
मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति डॉ. गोपालजी त्रिवेदी ने बताया कि चूंकि मंदिर काफी पुराना हो चुका था और श्रद्धालुओं की भीड़ दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही थी. लिहाजा सर्वसम्मत प्रस्ताव से नेपाल स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा पशुपतिनाथ मंदिर के स्वरूप में यहां भी मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया गया है. उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल के अभियंताओं के सहयोग से कई प्रारूपों के बाद अंतिम प्रारूप पर सहमति बनी है. फाइनल प्रारूप पर डीपीआर बनाकर नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. निर्माण कार्य के लिए आमजन का भी सहयोग भी लिया जा रहा है. सहयोग के लिए भारत एवं नेपाल के केंद्र एवं राज्य सरकारों, निर्माण सामग्रियों के आपूर्ति एवं निर्माता एजेंसियों और कंपनियों से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है.

अगले साल 20 मार्च को उद्घाटन का लक्ष्य
मंदिर निर्माण कमेटी से जुड़े बैद्यनाथ पाठक, रामपुरदयाल के पूर्व सरपंच देवेंद्र पांडेय और नेपाल की वंदना पांडेय ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर भारत-नेपाल के 9 सदस्यों की संयुक्त कार्यकमेटी का गठन किया गया है. नव मंदिर निर्माण कमेटी के अध्यक्ष फणीश कुमार चुन्नू ने बताया कि अगले साल 20 मार्च को मंदिर उद्घाटन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. भारतीय इंजीनियर ब्रजेश ठाकुर, बैद्यनाथ प्रसाद और नेपाल के चीफ इंजीनियर भगवान झा ने पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर निर्माण कार्य के लिए अंतिम प्रारूप पर साल 2022 में सहमति दी थी.