किसान अर्जुन मंडल को मिलेगा नेशनल अवॉर्ड, मेहनत कर तैयार किया ऐसा गार्डन कि…

जमुई : प्रखंड के सुदूर पंचायत के चिनवेरिया गांव के एक बुजुर्ग किसान को भारत सरकार कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से नेशनल अवॉर्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।किसान की पहचान चिनवेरिया गांव निवासी बहुचर्चित किसान अर्जुन मंडल के रूप में हुई है। किसान ने अपने गांव में दुर्लभ औषधि के दर्जनों पौधे लगाकर पूरे देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। किसान अर्जुन मंडल ने अपनी मेहनत की बदौलत एक ऐसा गार्डन तैयार किया है, जहां दुर्लभ पौधों का खजाना है। किसान ने बीते पांच दशक से भी अधिक समय से विलुप्त औषधीय पौधे अपने गार्डन में लगाकर पूरे देश में अपना परचम लहराया है।

अर्जुन मंडल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी सम्मान

किसान अर्जुन मंडल को यह सम्मान आगामी 12 सितंबर को दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिया जाएगा। अर्जुन कई विलुप्त हो रहे औषधीय पौधों को धरातल पर ही नहीं लाए, बल्कि विलुप्त हो रहे औषधीय पौधों को घरों में लगाने के लिए लोगों को प्रेरित भी किया है। बुजुर्ग किसान अर्जुन सिर्फ बिहार ही नहीं, पूरे देश में अपने दम पर जाने जाते हैं। विलुप्त हो रहे औषधीय पौधों को बचाने के लिए अर्जुन मंडल पहले भी कई बार सम्मान के पात्र बन चुके हैं।

अर्जुन पहले भी कई बार हो चुके सम्मानित

उन्हें 2013 में गुजरात सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा किसान सम्मान, बिहार सरकार द्वारा 2006 में किसानश्री का सम्मान व 2009 में राष्ट्रपति उद्यान के डायरेक्टर द्वारा भी सम्मानित किया गया था। हालांकि, नेशनल अवॉर्ड से सम्मान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। नेशनल अवार्ड के लिए नामांकित होने से उनके गांव से लेकर प्रखंड व जिलेवासियों तक में खुशी की लहर है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.