बिहार : भाजपा द्वारा आयोजित जगदेव प्रसाद की 49वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू यादव निशाने पर रहे। विद्यापति भवन में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार पिछले 35 वर्षों से बिहार पर राज कर रहे हैं। ऐसे में आज बिहार में इनसे बड़ा शोषक तीसरा और कोई नहीं है। सम्राट ने कांग्रेस पर जगदेव बाबू की हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज अगर जगदेव बाबू हमारे बीच नहीं हैं तो इसके लिए कांग्रेस सबसे अधिक दोषी है।
उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि लालू यादव ने एक भी व्यक्ति को आरक्षण का लाभ नहीं दिया। उनका आरक्षण मॉडल परिवार तक सीमित है। पहले उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को आरक्षण देकर सीएम बनाया, उसके बाद अपने बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद लालू यादव ने आरक्षण अपनी बेटी मीसा भारती को दिया। लालू और नीतीश बिहार के सबसे बड़े सामंत हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि जब भी कोई आरक्षण लागू हुआ तो भाजपा साथ रही। नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सवर्ण आयोग का गठन किया गया, उसकी रिपोर्ट पर आज तक कोई काम नहीं हुआ। पिछले वर्ष अति पिछड़ा आयोग बना, लेकिन आज तक उसकी रिपोर्ट जारी नहीं की गई। अब भाजपा जगदेव बाबू के सपने को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रही है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह भाजपा में हुए शामिल
पुण्यतिथि कार्यक्रम में सम्राट चौधरी के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं के समक्ष बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरि सहनी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, सांसद रविशंकर प्रसाद और राकेश सिन्हा के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।