नए कैंपस में शिफ्ट होगा नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी का ऑफिस, अब पटना में विद्यार्थियों को मिलेंगी सिर्फ ये सुविधाएं

नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी (एनओयू) का मुख्यालय अक्टूबर तक नालंदा स्थित नए कैंपस में शिफ्ट कर दिया जाएगा। लाइब्रेरी और लैब आदि के स्थानांतरण की प्रक्रिया इसी माह पूरी कर ली जाएगी। नए कैंपस में कुलपति, प्रतिकुलपति, कुलसचिव सहित कर्मचारियों के लिए आवास तैयार किए गए हैं। पदाधिकारी व अधिसंख्य कर्मचारी अक्टूबर से नालंदा स्थित मुख्यालय से अपनी सेवा देना शुरू कर देंगे।

Nalanda Open University [NOU], Patna: Courses, Fees, Placements

पहले की तरह उपलब्ध कराई जाएंगी सुविधाएं

कुलपति प्रो. केसी सिन्हा ने बताया कि नालंदा स्थित नए कैंपस में शिक्षक और विद्यार्थियों को सभी तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बिस्कोमान भवन स्थित कार्यालय में पूर्व की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पटना में इच्छुक छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र की व्यवस्था होगी। विद्यार्थी नामांकन, परीक्षा, प्रमाणपत्र सहित सभी तरह की जानकारी प्राप्त कर पटना सेंटर से भी कार्य निष्पादित करा सकेंगे। कुलपति, प्रतिकुलपति और रजिस्ट्रार का कैंप कार्यालय भी बिस्कोमान स्थित कार्यालय में रहेगा।

100 लोगों की क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस हाल

कुलपति ने बताया कि स्टूडियो के लिए ढांचागत निर्माण कार्य पूरा हो गया है। तकनीकी सुविधा और जरूरी उपकरण इंस्टाल करने का काम जल्द ही प्रारंभ होगा। विज्ञान, कॉमर्स और कला संकाय के भी कई विषयों के छात्रों को लैब व स्टूडियो की सुविधा मिलेगी। जनसंचार और व्यावसायिक कोर्स के विद्यार्थी लंबे समय से स्टूडियो की मांग कर रहे थे। 100 लोगों की क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस हाल भी तैयार हो गया है।

पीजी फाइनल ईयर परीक्षा का कार्यक्रम जारी

बता दें कि नालंदा नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सितंबर माह से ही परीक्षाएं प्रारंभ हैं। इकोनॉमिक्स, शिक्षा, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, संस्कृत आदि विषयों की परीक्षा इसी माह से प्रारंभ होंगी। विज्ञान संकाय की कई परीक्षाएं अक्टूबर में संचालित होंगी। एमसीए पार्ट टू और थ्री तथा एमजीएमसी का भी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को फेस मास्क लगाकर आना होगा।

प्रायोगिक परीक्षाएं नालंदा स्थित नए कैंपस में होंगी

गौरतलब है कि नालंदा स्थित नए कैंपस में लैब पूरी तरह से स्थानांतरित हो जाएगा। इस कारण से प्रायोगिक परीक्षाएं नालंदा कैंपस में ही होंगी। विद्यार्थियों के रहने के लिए यहां 240 बेड का हॉस्टल बनाया गया है। इसके आवंटन की प्रक्रिया से जल्द ही विद्यार्थियों को अवगत कराया दिया जाएगा। एक कमरे में दो विद्यार्थियों के लिए बेड की व्यवस्था है, जो शोधार्थी और विभिन्न कोर्स में नियमित कक्षा करने वाले विद्यार्थियों को अवंटित किया जाएगा। हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को मेस की भी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही अतिथियों के आवासन के लिए चार तल का गेस्ट हाउस बनाया गया है। इसमें एक साथ 24 मेहमान रह सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.