बिहार : बिहार पुलिस को छह हजार से अधिक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) और दारोगा मिले हैं। इनमें 2685 एएसआइ और करीब 3400 दारोगा शामिल हैं। इन सभी को उच्चतर कार्यकारी प्रभार दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के स्तर से एएसआइ का आदेश जारी हो चुका है, जबकि दारोगा का उच्चतर प्रभार दिए जाने के लिए सूची सत्यापन का काम अंतिम चरण में है। जल्द ही इससे जुड़ा आदेश जारी हो जाएगा। नए पुलिस पदाधिकारियों के मिलने से थानों में लंबित कांडों की जांच में तेजी आएगी।
पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि ये सभी पदाधिकारी नए पद के अनुसार वर्दी धारण करेंगे और प्रशासनिक और विधिक अधिकारों का उपयोग करेंगे। पटना को मिले सर्वाधिक पुलिस पदाधिकारी : एडीजी ने बताया कि उच्चतर प्रभार पाने वाले पुलिस पदाधिकारियों को वर्तमान पदस्थापन वाले जिला, इकाई या अन्य कार्यालय में ही कार्यकारी प्रभार दिया गया है। सबसे अधिक 996 एएसआइ पटना को मिले हैं। इसके बाद गया को 150, सारण को 118, समस्तीपुर को 101 और बेतिया को 77 एएसआइ प्राप्त हुए हैं। गृह विभाग से

जारी होगी डीएसपी की सूची
एडीजी ने बताया कि इंस्पेक्टर और डीएसपी के उच्चतर पदों के लिए भी वरीयता सूची बनाकर सत्यापन का काम किया जा रहा है। दारोगा से इंस्पेक्टर के उच्चतर प्रभार के लिए जिला पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस दोनों को मिलाकर वरीयता सूची बनाई जाती है, इसलिए इसमें समय लग रहा है। इसके अलावा इंस्पेक्टर से डीएसपी का उच्चतर प्रभार पाने वाले पदाधिकारियों से जुड़ा आदेश गृह विभाग के स्तर से जारी किया जाएगा। मालूम हो कि गृह विभाग ने एएसआइ से डीएसपी तक 11 हजार पदों को उच्चतर प्रभार से भरने की अनुमति दी है।

अनुसंधान पदाधिकारी की कमी होगी दूर
करीब चार सालों से प्रोन्नति न मिलने से 18 हजार से अधिक पुलिस पदाधिकारियों के पद रिक्त हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या एएसआइ और दारोगा की है। थानों में दर्ज प्राथमिकी की जांच एएसआइ और दारोगा रैंक के पुलिस पदाधिकारी ही करते हैं। अब छह हजार से अधिक एएसआइ व दारोगा मिलने से लंबित कांडों की जांच के लिए अनुसंधान पदाधिकारी मिल सकेंगे इससे कांडों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है। इन जिलों को मिले सर्वाधिक एएसआइ जिला – प्रतिनियुक्ति पटना – 996 गया – 150 सारण – 118 समस्तीपुर – 101 बेतिया – 77 रोहतास – 70 भोजपुर – 66 दरभंगा – 62 सीतामढ़ी – 60 नालंदा – 57