नई दिल्ली: केन्द्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के मौजूदा निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल सुप्रीम कोर्ट में अब तक हुई सुनवाई के मुताबिक आज 15 सितंबर को खत्म हो रहा है लेकिन देश की इस सबसे बड़ी जांच एजेंसी ईडी के अगले निदेशक कौन होंगे, इस मामले में चर्चा काफी तेजी से शुरू हो गई है. इस सवाल के जवाब में केंद्रीय वित्त मंत्रालय से जुड़े वरिष्ठ सूत्र बताते हैं कि ईडी में ही कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी को ही ईडी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है . हालांकि उस नवनियुक्त होने वाले निदेशक का नाम यानी मौजूदा अधिकारी के नाम के बारे में सूत्र ने कुछ भी नहीं बताया गया है.

ईडी में मौजूद सीनियर अधिकारियों के नामों पर अगर ध्यान दें तो जांच एजेंसी ईडी में सात स्पेशल डायरेक्टर पद पर काबिज हैं. उन अधिकारियों में सबसे सीनियर अधिकारी के तौर पर आईआरएस अधिकारी राहुल नवीन हैं जो इनकम टैक्स कैडर से हैं और 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा यानी आईआरएस अधिकारी हैं. इसके साथ ही ये स्पेशल डायरेक्टर मुख्यालय के साथ-साथ ईडी के चीफ सतर्कता अधिकारी पद पर भी कार्यरत हैं.
लिहाजा कहा जा सकता है की राहुल नवीन को ईडी निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. वो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और बहुत ही शांत और व्यवहार कुशल होने के साथ तेज -तर्रार अधिकारी हैं. इनके बारे में तो जांच एजेंसी में ऐसा भी बोला जाता है कि ये खुद बहुत कम बोलते हैं लेकिन ये कलम चलाने में यानी बारिक तौर पर भी तफ्तीश करने और आरोपियों की जड़ खोदने में माहिर हैं. इसके साथ ही कानूनी तरीके से काम करने के साथ ही बहुत सुलझे हुए और बेहद तेज-तर्रार अधिकारी मानें जाते हैं.

मौजूदा वक्त में ये ईडी मुख्यालय में ही कार्यरत हैं. ईडी में कार्यरत सातों प्रमुख स्पेशल डायरेक्टरों के नाम की अगर बात करें तो वो प्रमुख तौर पर इस प्रकार से हैं. 1. राहुल नवीन, 2.सोनिया नारंग, 3.मोनिका शर्मा, 4.सत्यवर्त कुमार, 5. सुभाष अग्रवाल, 6.एस. रविचंद्रन, 7.प्रशांत कुमार. आईआरएस अधिकारी राहुल नवीन पिछले कई सालों से ईडी में स्पेशल डायरेक्टर के साथ-साथ मुख्य सतर्कता अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं. इसके साथ ही राहुल नवीन खुद वित्तीय कार्रवाई कार्यबल यानी एफएटीएफ से जुड़े मामलों को पिछले कुछ सालों से काफी नजदीक से जांच एजेंसी में देख रहे हैं.
इस विभाग से जुड़े तमाम फाइल को राहुल नवीन ही देखते हैं उसके बाद उन फाइलों पर ईडी के मौजूदा निदेशक संजय कुमार मिश्रा के साथ आगे की रणनीति तैयार करते हैं . ईडी में इन्हे ईडी निदेशक के बाद दूसरे नंबर का अधिकारी माना जाता है. इन्हें ईडी में चल रहे लगभग सारे मामलों की विस्तृत जानकारी है.