बिहार : शारदीय नवरात्र की शुरुआत 15 अक्टूबर से हो रही है. 23 अक्टूबर को महानवमी और 24 अक्टूबर को विजयदशमी है. अब पूजा की शुरुआत होने में महज कुछ दिन ही बचे हुए हैं. पटना के अलग-अलग पूजा समिति अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे रहे हैं.
आपको बता दें कि राजधानी पटना में हर साल देश-विदेश की ऐतिहासिक इमारत, मंदिर और गुफा की थीम पर पंडालों का निर्माण होता है. पटना के पंडालों की इस कड़ी में आज बात होगी अबतक के सबसे ऊंचे पंडाल की. यूं तो पटना जिले में 160 से अधिक जगहों पर पंडाल बनेंगे. लेकिन, इनमें से सबसे ऊंचा पंडाल सिपारा में 105 फीट का बन रहा है. यह पटना में अबतक का सबसे ऊंचा पंडाल होगा.
ऊंचाई में हर साल रिकॉर्ड बनाता है यह समिति
आपको बता दें कि 2022 में भी सिपारा में 100 फीट ऊंचे पंडाल का निर्माण हुआ था, जो सबसे ज्यादा था. सिपारा के पास के एतवारपुर दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष मुनिल यादव ने बताया कि गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर जैसा 105 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है. यहां मां दुर्गा द्वारकाधीश मंदिर में विराजमान होगी. यहां मूर्ति की उंचाई करीब 16 फीट होगी. इस वर्ष यह पूजा समिति लगभग 30 लाख रुपए खर्च करने वाली है. बंगाल और मधुपुर के कारीगरों से मूर्ति और पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. दुर्गा पूजा पर पटना में लोगों की भीड़ देखने लायक होती है.
यहां बनेगा इतना फीट ऊंचा पंडाल
पटना की धड़कन कही जाने वाली डाकबंगला चौराहे के पास करीब 80 फीट ऊंचा और 50 फीट लम्बा पंडाल बनेगा. मूर्ति करीब 18 फीट की होगी. इस बार पूजा समिति द्वारा करीब 42 लाख खर्च किया जाएगा. बोरिंग रोड चौराहा पर प्रेम मन्दिर में मां दुर्गा विराजमान होंगी. पंडाल की उंचाई 65 फीट होगी और लंबाई 45 फीट, जबकि मूर्ति की उंचाई 12 फीट होगी.
समिति द्वारा करीब 12 लाख खर्च किया जाएगा. गौड़िया मठ यारपुर में पंडाल की उंचाई 70 फीट होगी और मूर्ति की उंचाई 16 फीट होगी. खाजपुरा शिवमंदिर के पास पंडाल की उंचाई 80 फीट होगी और मूर्ति 14 फीट ऊंची होगी. इसी प्रकार अन्य जगहों की मूर्तियों का अलग-अलग उंचाई होने वाली है, जो लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र होगा.