पटना : दुर्गा पूजा शुरू होने में अब बस कुछ दिन ही बचे हुए हैं. 15 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो जाएगी. 23 अक्टूबर को महानवमी और 24 अक्टूबर को विजयदशमी है. तैयारियां अब अपने अन्तिम चरण में हैं. ऐसे में हम आपको लगातार पटना के खास और यूनिक पूजा पंडालों के बारे में लगातार बता रहे हैं. इसी कड़ी आज पटना के ऐसे पंडाल की बात करेंगे जो इटली के सेंट पीटर्स बेसिलिका चर्च की तर्ज पर बनाया जा रहा है. जो देखने में काफी आकर्षक होगा. इस पंडाल में 14 देवी-देवताओं की प्रतिमा स्थापित होंगी. यह विदेशी मॉडल का पंडाल पटना के रुकनपुरा में बन रहा है. पूजा समिति का दावा है कि पंडाल इतना खूबसूरत होगा कि लोग बिना सेल्फी लिए नहीं जा सकेंगे.

हर तरफ होगी लाइट ही लाइट
पूजा समिति के अध्यक्ष टिंकू सिंह के अनुसार इस साल पंडाल के साथ-साथ लाइटिंग भी खास होगी. रुकनपुरा महिमा मंदिर से नहर ओवरब्रिज तक एलइडी लाइटों से सजावट की जाएगी. बताया गया कि यहां पिछले 18 साल से पूजा का आयोजन होता आ रहा है और प्रत्येक साल यहां दर्शकों की भारी संख्या जुटती है. भक्तों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा. सप्तमी से भक्तगण मां का दर्शन कर पाएंगे. भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.

